बिशप जानसन गर्ल्स स्कूल और कालेज कटरा में मंगलवार की सुबह बवाल हो गया। दरअसल, कालेज के 16 अध्यापकों को सुबह स्कूल खुलने पर प्रवेश से मना कर दिया गया। शिक्षकों ने गेट पर हंगामा शुरू किया तो पुलिस बुला ली गई। अध्यापकों ने डीएम समेत तमाम अधिकारियों से शिकायत की है।
बिशप जानसन गर्ल्स स्कूल और कालेज कटरा में मंगलवार की सुबह कालेज के 16 अध्यापकों छवि सिंह, सीमा दास, शालिनी खन्ना, एलआर दत्त, सीमा फारूकी, अमिता सिंह, आर लारेंस, नीना फिलिप्स, मोना त्रिपाठी, दीपाली दास, रेनुका राबिन, पीबी सोलोमन, संजय डी सिंह, अतुल दास और सनजान सिमोन को अंदर प्रवेश से रोक दिया गया। हंगामा शुरू हुआ तो दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर असामाजिक तत्व बुलाने का आरोप लगाया। कालेज की ओर से पुलिस बुला ली गई। पुलिस के आने के बाद बच्चों को प्रवेश दिया गया, लेकिन अध्यापकों को अंदर नहीं जाने दिया गया। अध्यापकों ने कालेज की प्रधानाचार्या योजना लाल पर आरोप लगाया कि उनके निर्देश पर ही उन्हें रोका जा रहा है। सभी वरिष्ठ अध्यापक हैं और कई महीनों से उन्हें सैलरी नहीं मिली है। इसके बाद दिन में प्रभारी डीएम से शिकायत की गई।
गृह सचिव, बिशप और सचिव को भी पत्र भेजकर घटना की जानकारी दी गई है।
इस मामले में कालेज की प्रधानाचार्य डॉ. योजना लाल ने बताया कि कालेज में नौ से 12 तक की मान्यता के मामले में कार्रवाई चल रही है। इसी कारण नौ से 12 तक के बच्चों को सिविल लाइंस स्थित मुख्य शाखा में भेज दिया गया है। ऐसे में कटरा ब्रांच में अध्यापकों के लिए वेतन का संकट खड़ा हो गया। चेयरमैन पीटर बलदेव से बात की गई और उनके आदेशानुसार 16 अध्यापकों का स्थानांतरण भी सिविल लाइंस स्थिति मुख्य शाखा में कर दिया गया। स्थानांतरित अध्यापक वहां नहीं जाना चाहते हैं, इसलिए बवाल कर रहे हैं।
बिशप जानसन की सिविल लाइंस शाखा में नहीं कराया गया ज्वाइन
स्थानांतरित अध्यापकों ने बताया कि उनका स्थानांतरण सिविल लाइंस स्थित मुख्य शाखा में कर दिया गया है लेकिन, जब वे वहां पहुंचे तो सोमवार को उन्हें ज्वाइन नहीं कराया गया। आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य और प्रबंधन मिलकर 16 वरिष्ठ अध्यापकों को नौकरी से निकालना चाहते हैं। इस मामले में प्रधानाचार्य योजना लाल का कहना है कि अगर ज्वाइन नहीं कराया गया तो वह खुद चेयरमैन पीटर बलदेव से बात करेंगी। प्रयास किया जाएगा कि जल्द से जल्द अध्यापकों की ज्वाइनिंग करा दी जाए।