इलाके के घूघा गांव में सोमवार भोर में संदिग्ध हालात में एक युवती की मौत हो गई। उसकी लाश घर में फांसी के फंदे में झूलती हुई मिली। ससुरालियों का कहना था कि वह फांसी लगाकर जान दे दी जबकि मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मेजा थाने में ससुरलियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मांडा थाना क्षेत्र के आहोपुर नेवढ़िया के नन्हे लाल प्रजापति ने अपनी बेटी दुर्गा देवी (22) की शादी चार साल पहले मेजा के घूघा गांव निवासी पवन कुमार प्रजापति के साथ किया था। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली जन दुर्गा को प्रताड़ित करते रहे। दहेज में सिकड़ी और बाइक की भी मांग करते रहे।
मांग पूरी न करने पर ससुरालीजन दुर्गा को मारते-पीटते रहे। सोमवार भोर में दुर्गा देवी की लाश उसके कमरे में गार्डर से झूलती मिली। घटना के बाद मायके वाले घर छोड़ भाग गए। उधर, मायके वाले भी सोमवार दोपहर पहुंच पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को फांसी से फंदे से उतारा और पीएम हाउस भेज दिया। पिता नन्हे लाल प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने पति, जेठ सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई। मेजा थाने के इंस्पेक्टर शिव सागर पाण्डेय ने बताया कि पिता की तहरीर पर ससुरालियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।