शंकरगढ़ से नानी के साथ दवा लेने आ रही छात्रा का बृहस्पतिवार दोपहर लाउदर रोड पर शोहदों ने हाथ पकड़ कर खींच लिया। सरेराह छात्रा का हाथ पकड़कर खींचने लगे। छात्रा ने दहशत में चीखी तो भीड़ जुट गई। वहां मौजूद लोगों ने छेड़खानी कर रहे शोहदों को दबोच लिया। धुनाई के बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जार्जटाउन पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखकर विधिक कार्रवाई कर रही है।
शंकरगढ़ की रहने वाली एक छात्रा कक्षा नौ की छात्रा है। वह बृहस्पतिवार को नानी के साथ बस से जार्जटाउन डॉक्टर को दिखाने के लिए चली। उन्हें लाउदर रोड पर स्थित एक डॉक्टर को दिखाना था। मेडिकल चौराहे के पास उतरने के बाद छात्रा नानी के साथ पैदल ही अस्पताल की ओर जा रही थी। तभी एक बाइक पर दो युवक उसके पीछे लग गए। रास्ते भर उस पर अश्लील कमेंट करते रहे। लेकिन छात्रा ने शोहदों की हरकत को नजरअंदाज किया। इस उनका हौसला बढ़ गया।
अस्पताल के करीब पहुंचकर शोहदों ने छात्रा का हाथ पकड़कर खींच लिया। छात्रा चीखी तो आसपास के लोग भागकर पहुंच गए। भीड़ जुटती देख शोहदे भागे तो लोगों ने दबोच लिया। जमकर धुनाई के बाद दोनों को दबोच लिया गया। इंस्पेक्टर जार्जटाउन वीके सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी महबूब और अमानत के खिलाफ मुकदमा लिख लिया गया है। वे छात्रा के पड़ोसी गांव के रहने वाले हैं। वे शंकरगढ़ से ही छात्रा का पीछा कर रहे थे।