इनोवा सवार शोहदों ने बुधवार को दिनदहाड़े एक छात्रा को कार में खींचने की क ोशिश की। शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े तो शोहदे चौफटका की ओर भागे। इसी बीच किसी ने कंट्रोल रूम को सूचना दे दी। इस सूचना पर सीओ ट्रैफिक ने चौफटका के पास घेरकर शोहदों को दबोच लिया।
महिला ग्राम इंटर कॉलेज की एक छात्रा बुधवार दोपहर छुट्टी होने के बाद जीटी रोड पर आकर विक्रम का इंतजार कर रही थी। तभी धूमनगंज की ओर इनोवा कार में चार शोहदे आए। शोहदों ने छात्रा को अकेले देख कमेंट किया। इस पर छात्रा ने नजरअंदाज कर दिया। इससे शोहदों का मनोबल बढ़ गया। शोहदे कार बैक वापस आए और छात्रा का हाथ पकड़कर इनोवा में खींचने लगे। शोहदों की यह हरकत देख छात्रा सकपका गई।
उसने हाथ झटक कर शोर मचाया तो आसपास के लोग माजरा समझकर शोहदों की तरफ दौड़े। भीड़ आती देख शोहदे कार में बैठकर चौफटका की ओर भागे। किसी ने कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दे दी। सीओ ट्रैफिक अल्का धर्मराज ने वायरलेस पर मैसेज सुना तो चौफटका के पास गाड़ी लगाकर हमराहियों के साथ खड़ी हो गईं। जैसे ही इनोवा दिखी उसे रोककर शोहदों को दबोच लिया। तब तक पीछा करते हुए धूमनगंज पुलिस भी वहां पहुंच गई। पकड़े गए लाल बिहारा के सद्दाम, सुमित, नसीरपुर कौशांबी के भानुप्रताप और मीरापट्टी के प्रेम प्रसाद को धूमनगंज पुलिस के हवाले कर दिया। एसआई ब्रजेश द्विवेदी ने बताया कि छात्रा ने कोई तहरीर नहीं दी है। शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।