सफारी से आए पांच युवकों ने बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस में जमकर गुंडागर्दी की। 400 रुपये मांगने पर मोबाइल सर्विस सेंटर में फायरिंग कर सनसनी फैला दी। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है।
एल्गिन रोड पर हॉट स्टफ चौराहे के पास केयर एंड केयर के नाम से सैमसंग मोबाइल का सर्विस सेंटर है। यहां धूमनगंज निवासी अरुण धीर मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि रोज की तरह काम चल रहा था। ग्राहक भी मौजूद थे। दोपहर में तीन बजे के करीब यहां कार्तिक नाम का एक युवक अपने चार साथियों के साथ पहुंचा। उसके मोबाइल फोन में डिस्प्ले की समस्या थी। जिसकी बनवाई के तौर पर कर्मचारी कलीम ने 413 रुपये सर्विस चार्ज मांगे। इतना सुनते ही युवक भड़क गए। साथ ही गालीगलौच करने लगे। विरोध पर एक युवक ने कर्मचारी को पीटना शुरू कर दिया। एक अन्य कर्मचारी मनोज यादव ने बीचबचाव की कोशिश की इतने में कार्तिक ने पिस्टल निकाल ली और ताबड़तोड़ दो फायर झोंक दिए। कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। एक गोली दरवाजे पर लगी। फायरिंग से सर्विस सेंटर में मौजूद ग्राहकों में भी भगदड़ मच गई। उधर, युवक गालियां देते हुए सर्विस सेंटर से निकले और फिर सफारी गाड़ी पर सवार होकर निकल भागे। उनके जाने के बाद कर्मचारियों ने सूचना दी तो सिविल लाइंस पुलिस पहुंच गई। कर्मचारियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने नाकेबंदी शुरू कर दी। हालांकि देर शाम तक आरोपी युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
मैनेजर ने पुलिस को बताया कि सर्विस सेंटर में सीसीटीवी कैमरा तो लगा है लेकिन, वह घटना के वक्त काम नहीं कर रहा था। इसके बाद एसआई प्रवीण सिंह ने आसपास लगे हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इस दौरान सर्विस सेंटर के सामने स्थित बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में फायरिंग करने वाले युवक नजर आए। कर्मचारियों ने बताया कि सफेद शर्ट पहने और सबसे आगे चल रहे युवक ने ही पिस्टल से फायरिंग की। उसने अपना नाम कार्तिक बताया था। पुलिस का कहना है कि फुटेज के जरिए बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।