फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज रफ्तार कार ने स्कूल वैन में मारी टक्कर, पांच छात्र और ड्राइवर जख्मी

Fri, 17 Nov 2017 01:31 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने बृहस्पतिवार सुबह एजी आफिस चौराहे पर वाईएमसीए स्कूल की वैन में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में पांच बच्चों समेत वैन ड्राइवर भी घायल हो गया। वैन को खासा नुकसान हुआ। कार का भी अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ। गनीमत रही कि वैन में पीछे से टक्कर लगी वरना हादसा घातक हो सकता था। रोते-सहमे बच्चों को निजी अस्पताल ले जाया गया। साथ ही पुलिस ने कार सीजकर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार सुबह लगभग सवा सात बजे कालिंदीपुरम और राजरूपपुर के बच्चों को लेकर स्कूल वैन एजी आफिस चौराहे से होकर स्कूल की तरफ  जा रही थी। स्कूल चौराहे के पास ही है। तभी साईं मंदिर की ओर से तेज गति में आकर कार ने वैन में टक्कर मार दी। उस वक्त वैन चौराहा लगभग पार कर चुकी थी, इसलिए कार उसके पिछले हिस्से से भिड़ी। जोर का धमाका हुआ तो राहगीर भी रुक गए। वैन का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल बच्चे रोने-चीखने लगे। पीपल गांव का रहने वाला वैन का ड्राइवर राम सिंह भी घायल हो गया था। उसके हाथ में गंभीर चोट पहुंची थी।  

लोगों ने फौरन वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। पास में ही वाईएमसीए के कुछ शिक्षक चाय पी रहे थे। वे भी आ गए। दूसरी कारों में घायल पांच बच्चों और ड्राइवर राम सिंह को राजापुर में आशा हॉस्पिटल ले जाया गया। कक्षा तीन से आठ के छात्र पार्थ, सूर्यांश, यथार्थ, प्रशांत, राजकुमार जख्मी थे। उनमें कालिंदीपुरम कॉलोनी निवासी छठवीं कक्षा के पार्थ सिंह के हाथ पर चोट थी, जबकि एक बच्चे के माथे पर गहरे घाव की वजह से दो टांके लगाने पड़े। वैन ड्राइवर से खबर पाकर बच्चों के परिवार के लोग भी बदहवासी में हॉस्पिटल आ गए। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि चोट सामान्य है। इलाज कराकर बच्चों को घर भेज दिया गया।
विज्ञापन


लोगों ने टक्कर मारने वाले मारुति स्विफ्ट कार को घेरकर ड्राइवर को पकड़ा। साथ ही 100 नंबर पर सूचना दी। कार के अंदर दो लड़कियां भी थीं। पुलिस को कार में शराब की बोतल, नमकीन और गिलास भी मिले। ड्राइवर और लड़कियों को सिविल लाइंस थाने ले जाया गया। कार भी क्रेन से थाने ले जाकर सीज कर दी गई। लड़कियों के बारे में ड्राइवर ने बताया कि वह उन्हें कोचिंग छोड़ने जा रहा था। इसके बाद लड़कियों को पुलिस ने घर भेज दिया। कार ड्राइवर ने अपना नाम सोनू कुमार गौड़ और पता सरायममरेज में सोरोडीह बताया। इंस्पेक्टर बचन लाल सिरोही के मुताबिक, यह कार अशोक नगर में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर राजेश राय की है। अशोक नगर में जुआ संचालन में पकड़ा जा चुका राजेश व्यापारी संगठन से भी जुड़ा था। ड्राइवर सोनू के खिलाफ केस लिखकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें