बीएचयू की एक छात्रा ने मिर्जापुर में तैनात सीओ के पुत्र पर दुष्कर्म के आरोप में महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने आरोपी के पिता को भी धमकाने एवं जातिसूचक गालियां देने के आरोप में नामजद किया है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब दो वर्ष पहले एक दोस्त केे माध्यम से उसकी पहचान पुलिस लाइन निवासी आशुतोष पुत्र वीके द्विवेदी से हुई। उसके बाद दोनों मिलने-जुलने लगे। पीड़िता का कहना है आशुतोष ने शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। वह उसे लेकर कई बार इलाहाबाद भी आया। पीड़िता का कहना है जब उसने जल्द शादी का दबाव बनाया तब आशुतोष उससे कतराने लगा।
उसने कई बार मोबाइल पर कॉल कर उससे बात करने की कोशिश की लेकिन आशुतोष राजी नहीं हुआ। आशुतोष के रवैये से परेशान युवती दो दिन पहले पुलिस लाइन स्थित उसके घर पहुंच गई। युवती के वहां पहुंचते ही हंगामा शुरू हो गया। आरोपी के परिजनों ने डॉयल-100 को सूचना दी। थोड़ी देर में ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती को महिला थाने ले गई। पीड़िता का आरोप है आरोपी के सीओ पिता ने उसे धमकाया, जबकि आरोपी की मां ने उसे जातिसूचक गालियां दीं। इसके बाद युवती मंगलवार एसएसपी के पास पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर मंगलवार को आरोपी आशुतोष, उसके सीओ पिता वीके द्विवेदी एवं मां के खिलाफ दुष्कर्म, धमकाने एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।