मुजफ्फरनगर की बीकॉम छात्रा सिल्की गोयल हत्याकांड का खुलासा कोतवाली पुलिस ने कर दिया। छात्रा सिल्की का कत्ल उसके प्रेमी विजय ने भाई विपिन और उसकी प्रेमिका प्रतिका के साथ मिलकर किया था। तीनों साजिश के तहत सिल्की को लेकर 29 मार्च को शहर आए थे। कोतवाली इलाके में स्थित होटल त्रिवेणी में दो कमरे लेकर चारों ठहरे थे। छह अप्रैल को तीनों बिना होटल वालों को बताए कमरा छोड़कर भाग गए। आठ अप्रैल को साउथ मलाका सब्जी मंडी नाले में पच्चीस वर्षीय अज्ञात युवती का शव सूटकेस में भरकर फेंका गया था। पुलिस को शक हो गया था कि युवती बाहर की है। हत्या कहीं आसपास करने के बाद लाश यहां फेंकी गई है।
एक हफ्ते बाद पुलिस ने त्रिवेणी होटल के कमरे से खून से सना पत्थर बरामद किया। होटल में दर्ज रिकार्ड के आधार पर पता चला कि होटल में ठहरे लोग मुजफ्फरनगर के हैं। जिसके बाद युवती के परिजनों को पुलिस ने सूचना दी। तब मृतका की शिनाख्त सिल्की गोयल के रूप में की गई थी। पूछताछ के बाद सामने आया कि 28 मार्च को ही सिल्की घर से भागी थी। पुलिस ने जांच में पाया कि होटल में सिल्की के साथ विजय उसका भाई विपिन और विपिन की प्रेमिका प्रतिका थी। पुलिस ने मंगलवार रात विजय को मुजफ्फरनगर से दबोच लिया। जबकि प्रतिका को पुलिस ने लखनऊ से उठाया। वह अपनी बीमार बहन को देखने गई थी।
पूछताछ में उसने बताया कि विजय और सिल्की ने चुपके से विवाह कर लिया था। उनके बीच छह साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन विजय उससे पीछा छुड़ाना चाह रहा था। साजिश के तहत ने विजय ने कहानी गढ़ी और सिल्की को बताया कि वे घर से भागकर इलाहाबाद चलेंगे। वहां हाईकोर्ट से सुरक्षा लेंगे। वरना घरवाले उनके रिश्ते को नहीं मानेंगे। इस झांसे में सिल्की आ गई और वह प्रेमी के साथ भागकर इलाहाबाद आ गई। प्रतिका कहती रही कि छह अप्रैल की सुबह वह बीमार बहन को देखने चली गई। उसके बाद क्या हुआ। उसे कुछ नहीं मालूम। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि प्रेम प्रपंच में सिल्की की हत्या हुई। पकड़ी गई युवती प्रतिका को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। प्रेमी विजय को गिरफ्तार कर लाया जा रहा।