फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डा. जोशी को गिनाईं चुनाव मैनेजमेंट की खामियां

Fri, 23 Mar 2018 01:39 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कानपुर से सांसद डा. मुरली मनोहर जोशी बुधवार को इलाहाबाद पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनके टैगोर टाउन स्थित आवास में भी पार्टी कार्यकर्ताओं का जमघट लगा रहा। मुलाकात के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में मिली हार के कारणों के बारे में डा. जोशी को अवगत कराया। वहां तमाम कार्यकर्ताओं ने हार की वजह चुनाव मैनेजमेंट बताई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने चुनाव मैनेजमेंट की तमाम खामियां भी गिनाईं। डा. जोशी ने खामोशी से कार्यकर्ताओं की सारी बातें सुनी। उन्होंने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी।
विज्ञापन


शाम चार बजे के आसपास टैगोर टाउन पहुंचे डा. जोशी अपने आवास पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से बारी-बारी से मिले। कार्यकर्ताओं से बातचीत का दौर शुरू हुआ तो फूलपुर संसदीय क्षेत्र में मिली हार की वजहों को वे गिनाने लगे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बूथ एजेंटों ने इस चुनाव में सही से काम नहीं किया। उनसे कहा गया कि तमाम पोलिंग बूथ में बस्ता भी नहीं लगाया गया था। वोटरों को पर्ची पहुंचाने के काम में  इस बार लापरवाही बरती गई। कुछ कार्यकर्ताओं ने संसदीय क्षेत्र में बाहरी प्रत्याशी पर भी अपनी आपत्ति जताई। डा. जोशी सभी कार्यकर्ताओं  की बात सुनते रहे। बीच-बीच में वे मुस्करा देते।

हालांकि चुनाव प्रबंधन पर उन्होंने कुछ भी नहीं कहा। बाद में कार्यकर्ताओं ने अपना विषय बदल दिया। कुछ ने यह भी जानने का प्रयास किया कि डा. जोशी वर्ष 2019 में लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे या नहीं। डा. जोशी इस पर भी मौन धारण किए रहे। यहां भाजपा नेता नरेंद्र देव पांडेय ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनसे कहा कि वह सबकुछ भूलकर वर्ष 2019 में होने वाली चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। कुछ कार्यकर्ताओं ने तमाम स्थानीय मुद्दों पर भी डा. जोशी से बात की। उनसे मिलने गए अधिवक्ताओं ने नियुक्तियों को लेकर नाराजगी जताई। इसके पूर्व अलोपीबाग चुंगी पर भी पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डा. जोशी का स्वागत किया। भाजपा नेता देवेंद्र नाथ मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को डा. जोशी सुबह 11 बजे नैनी में एक स्कूल के भूमि पूजन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राघवेंद्र मिश्र, शिवदत्त पटेल, शशि वार्ष्णेय, डा. कमला सिंह, मुरारी लाल अग्रवाल, रविंद्र मिश्र, अनामिका चौधरी, गणेश केसरवानी, मृत्युंजय तिवारी, व्रतशील शर्मा, कमलेश दुबे आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें