कर्नलगंज में एक कोचिंग संचालक को सिपाही के बेटे ने दस लाख रुपये रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। सिपाही के बेटे ने धमकाया कि तीन दिन में रकम नहीं पहुंची तो जान से मार दूंगा। परेशान कोचिंग संचालक ने कर्नलगंज थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
लाजपत राय रोड निवासी शिवपाल श्रीवास्तव न्यू कटरा में श्रुति क्लासेज के नाम से कोचिंग चलाते हैं। उनके यहां नैनी निवासी अजय कुमार पांडेय मैनेजर था। लगभग दो साल पहले कोचिंग की जिम्मेदारी मैनेजर अजय पांडेय को देकर शिवपाल परिवार सहित टूर पर चले गए। लौटे तो पता चला कि मैनेजर अजय ने कोचिंग में शराब पीकर हंगामा किया था। शिकायत मिलने पर शिवपाल ने उसे निकाल दिया।
शिवपाल के मुताबिक अजय ने उससे बेरोजगारी का हवाला देकर लगभग तीन लाख रुपये उधार ले लिया। शिवपाल ने उससे रकम वापस मांगी तो उसने चेक थमा दिया। जब शिवपाल ने उससे चेक बैंक में लगाने के बारे में पूछा तो वह उनके पास पहुंच गया और तमंचा सटाकर धमकाया कि उधार दी गई रकम भूल जाओ और दस लाख तीन दिन के अंदर दे दो। वरना जान से मार दूंगा। परेशान शिवपाल ने कर्नलगंज थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर मनोज तिवारी ने बताया कि आरोपी अजय पांडेय सिपाही का बेटा है। उसके पिता की तैनाती फतेहपुर में है। उसकी तलाश में दबिश दी गई लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।