पंचक की समाप्ति के बाद दूसरे सोमवार को शिवालयों में शिवभक्तों की भारी भीड़ जुटी। मंदिर में भोले के पूजन-अर्चन, अभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का भोर से लेकर रात तक जुटने का क्रम जारी रहा, वहीं शिव के भक्त कांवड़ियों की ओर से भी भोले के अभिषेक का क्रम भोर से ही आरंभ हो गया था जो शाम तक जारी रहा। इस बीच शिव के जयकारों से मंदिर गूंजता रहा। मंदिरों के बाहर भी मेले जैसा माहौल रहा। दूसरे सोमवार को मंदिरों की और सजावट की गई।
यमुना तट पर स्थित मनकामेश्वर महादेव के मंदिर में श्रद्धालुओं विशेषकर महिलाओं की भोर से ही लंबी कतारें लगीं। लेकिन, उन्होंने धैर्य के साथ अपनी बारी की प्रतीक्षा की। मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा। स्वामी श्रीधरानंद ब्रह्मचारी की देखरेख में जयकारों के बीच जलाभिषेक का क्रम जारी रहा। मंदिर के बाहर सड़क की दोनों पटरियों पर फूल-माला बेचने वालों की भी कतारें लगीं।
दरियाबाद स्थित तक्षक तीर्थ बड़ा शिवाला में पीठाधीश्वर रविशंकर के आचार्यत्व में भोर से ही महारुद्राभिषेक सहित पूजन-अनुष्ठान जारी रहा। पूजन के बाद परिक्रमा भी की गई। इलाहाबाद के ग्रामीण अंचल सहित पास-पड़ोस और बाहर के जिलों से भी लोगों के आने का क्रम बना रहा। अनेक श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन, अभिषेक से पहले यमुना किनारेतक्षक कुंड में स्नान भी किया। दारागंज स्थित नागवासुकि मंदिर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों दोनों का जमावड़ा रहा। पुजारी श्यामधर त्रिपाठी की देखरेख में मंदिर परिसर में निजी और सामूहिक दोनों ही रूपों में महारुद्राभिषेक का क्रम जारी रहा। इसी क्रम में सोमेश्वर महादेव, खुल्दाबाद शिवाला, हाटकेश्वर महादेव, मौजगिरि के महादेव, शिवकोटि, सिविल लाइंस हनुमत निकेतन, हाईकोर्ट हनुमान मंदिर शिवलिंग, जानसेनगंज स्थित दरवेश्वरनाथ, शास्त्रीनगर-सदियापुर तिराहा स्थित शिव मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों में भी पूजन-अर्चन, अभिषेक हुए।
ललिता देवी मंदिर में मंदिर समिति के अध्यक्ष हरिमोहन वर्मा की देखरेख में पारदेश्वर का पारद और ललितेश्वर महादेव का दुग्ध से अभिषेक किया गया। परिसर में कई जगहों पर सामूहिक रूप से भी महाअनुष्ठान हुए। महिलाओं की टोली ने भोले के भजन गाए, कीर्तन किया तो बेटियों ने झूमकर नृत्य भी किया।
सिद्धपीठ माँ काली देवी मन्दिर, नयापुरवा करेली स्थित शिव मन्दिर में सावन के दूसरे सोमवार को भोलेनाथ के दर्शन को सुबह से ही भक्तों का जुटना शुरू हुआ जो शाम तक जारी रहा। रात तक लोगों ने शृंगार का दर्शन किया। प्रधान पुजारी हनुमत प्रसाद पंडा की देखरेख में सर्वमंगल के लिए महाअनुष्ठान सहित भोले का अभिषेक हुआ, आरती उतारी गई। व्यवस्था में सुमित श्रीवास्तव, सुशील पंडा, मुकेश साहू, कलावती देवी, संजय,सुजीत कुमार, सत्यम, ज्योति, आकाश साहू आदि जुटे रहे।