शाहगंज थाने के पास शुक्रवार रात व्यापारियों से बकाया वसूली के बाद कानपुर के लिए ट्रेन पकड़ने जा रहे सप्लाई एजेंट से साढ़े सत्रह लाख की लूट में पुलिस फिलहाल अंधेरे में है। क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम ने लूट की वारदात में सात संदिग्ध लोगों को उठाकर पूछताछ की। होटल के अलावा शाहगंज थाने समेत कई अन्य दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई। व्यापारियों के कई कर्मचारी भी निगाह में है।
कानपुर में किदवई नगर निवासी प्रकाशचंद्र शर्मा किराना व्यापारियों के लिए सप्लाई एजेंट का काम करता है। उसने शुक्रवार शाम इलाहाबाद आकर कई किराना कारोबारियों से 17 लाख रुपये वसूले। रात करीब दस बजे वह शिवगंगा एक्सप्रेस में बैठने के लिए रिक्शा पर रेलवे स्टेशन जा रहा था तभी शाहगंज थाने से कुछ आगे समीरा होटल के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने रोक लिया। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उतरकर प्रकाश से नगदी भरी अटैची छीनी, फिर वे दोनों बाइक मोड़कर शाहगंज थाने की तरफ भाग गए। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने होटल की सीसीटीवी फुटेज चेक की तो उसमें दो बदमाश नगदी लूटकर बाइक पर भागते दिखे।
पुलिस ने शाहगंज थाने के भी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी मगर उसमें भी लुटेरों का हुलिया नहीं साफ दिखा। पुलिस ने कोतवाली वाली सड़क पर कई और सीसीटीवी फुटेज देखे लेकिन कोई मदद नहीं मिली। पुलिस का मानना है कि बदमाशों को कहीं से पक्की मुखबिरी मिली थी कि सप्लाई एजेंट वसूली की रकम लेकर कानपुर जाने वाला है। ऐसे में व्यापारियों के कर्मचारी भी संदेह के घेरे में हैं। शाहगंज थाना प्रभारी डीके सिंह ने बताया कि संदिग्ध अपराधियों की निगरानी हो रही है। सात लोगों से पूछताछ भी की गई।