औद्योगिक व नैनी थाना क्षेत्र में सड़वा मोड़ से लेकर सरगम तिराहे तक का इलाका बृहस्पतिवार को ताबड़तोड़ फायरिंग व बमबाजी से दहल उठा। यहां सड़वा ग्राम प्रधान पक्ष व विपक्षियों में हुई भिड़ंत के बाद जबरदस्त बवाल हुआ। करीब 15 मिनट तक दोनों पक्ष एक-दूसरे पर बम, गोलियों से हमला करते रहे, जिसमें चार लोग घायल हो गए। उधर फायरिंग, बमबाजी से राहगीरों व सड़क के आसपास रहने वालों में भगदड़ मच गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
घटना दोपहर करीब 12.30 बजे की है। औद्योगिक थाना क्षेत्र के सड़वा मोड़ से सफारी सवार कुछ लोग इलाहाबाद-मिर्जापुर हाइवे पर पहुंचे। इसी दौरान वहां स्कॉर्पियो सवार लोग भी पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानेें तो अगले ही पल दोनों ओर से फायरिंग, बमबाजी शुरू हो गई। दोनों गाड़ियों में सवार लोग एक-दूसरे पर बम और गोलियां दागने लगे। ताबड़तोड़ बमबाजी व फायरिंग से इलाका दहल उठा। साथ ही राहगीरों, सड़क किनारे रहने वालों में भगदड़ मच गई। लोग जहां के तहां दुबक गए। उधर दोनों गाड़ियां एक-दूसरे के आगे-पीछे नैनी की तरफ बढ़ने लगीं। सड़क पर करीब 15 मिनट तक खुलेआम दिनदहाड़े दोनों पक्ष एक-दूसरे पर बम, गोलियां बरसाते रहे। सरगम तिराहे पर पहुंचने पर सफारी सवार लौट गए, जबकि स्कॉर्पियो सवार एलस्टम कंपनी के पास से भीतर की ओर मुड़ गए। इसी दौरान किसी ने सूचना दी तो पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आननफानन में वायरलेस पर संदेश प्रसारित कर जिले भर की पुलिस को सफारी व स्कॉर्पियो को पकड़ने के लिए अलर्ट कर दिया गया। उधर नैनी व औद्योगिक थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि घटना में दोनों पक्षों से चार लोग घायल हुए हैं। इनमें कमलाशंकर, सुनील को बेली और विष्णु व सौरभ को सीचसी चाका में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।
घटना के कुछ देर बाद सड़वा गांव के प्रधान प्रेमशंकर यादव औद्योगिक थाने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि वह कहीं जाने के लिए भाई कमला शंकर यादव तथा भतीजे सुनील व नीरज के साथ सफारी पर बैठने जा रहे थे। तभी गांव के अतुल तिवारी उर्फ राहुल, अखिलेश मिश्रा उर्फ सोनू व दीपक पांडेय उर्फ किशन निवासी नैनी तीन-चार साथियों के साथ स्कॉर्पियो पर सवार होकर पहुंचे और उन पर बम, गोलियाें से हमला बोल दिया। आरोप है कि सभी घर की ओर भागे व इसी दौरान कमलाशंकर व सुनील घायल हो गए। कई गोलियां उनकी सफारी पर भी लगी हैं। उधर देर शाम नवाबगंज निवासी विष्णु मिश्र ने थाने में तहरीर दी कि वह अपने दोस्त सौरभ मिश्रा के साथ दोपहर में मिठाई लेकर रिश्तेदार अक्षय के घर जा रहा था। तभी आईटीआई पॉवर हाउस के सामने सफारी सवार कमलाशंकर यादव, सुनील यादव, नीरज यादव व चार-पांच अज्ञात लोगों ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रोक ली। इसके बाद बम और गोलियों से हमला कर दिया। इसमें उसे और सौरभ को गंभीर चोटें आईं।
दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। फिलहाल एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नितिन तिवारी,एसएसपी
मामले में पुलिस अफसरों का कहना है कि दोनों पक्षों में लंबे समय से खूनी रंजिश चल रही है। पहले भी एक-दूसरे के आमने सामने हो चुके हैं। फिलहाल जांच की जा रही है। एसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पुलिस ने दोनों गाड़ियां कब्जे में ले ली हैं। सच्चाई का पता लगाने के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट की मदद ली जाएगी। सड़वा से लेकर सरगम तिराहे तक इलाहाबाद-मिर्जापुर मार्ग पर स्थित दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जो भी दोषी होगी, सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीओ करछना रत्नेश सिंह ने बताया कि प्रधान की ओर से नामजद कराया गया अतुल तिवारी औद्योगिक थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर विभिन्न आरोपेां में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। उधर प्रधान प्रेमशंकर ने आरोप लगाया है कि अतुल उनके भाई व पिता की हत्या भी कर चुका है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।