प्रयागराज। अच्युतानंद हत्याकांड के आरोपियों के एक मददगार को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रदीप यादव नाम के इसी मददगार ने तीनों हत्यारोपियों को बस अड्डे तक छोड़ा था। पुलिस अब तीन अन्य मददगारों की तलाश में जुटी है।
अच्युतानंद हत्याकांड के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस उनके चार मददगारों की तलाश में जुटी थी। कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि मंगलवार को इनमें से प्रदीप यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रदीप ने ही तीनों आरोपियों आशुतोष, सौरभ व हरिकेश को बस अड्डे तक छोड़ा था।
पुलिस अब तीन अन्य मददगारों प्रवीण सिंह गज्जू, देवऋषि उर्फ देवा शूटर व कनक की तलाश में जुटी है। गज्जू मूल रूप से बिहार, देवा गाजीपुर व कनक बलिया का रहने वाला है। शहर में तीनों अच्छे लॉज में रहते हैं। यह भी पता चला है कि पार्टी में झगड़े के बाद आशुतोष व उसके साथी एसआरके हॉस्टल स्थित अपने कमरे पहुंचा था। जहां कनक व देवा भी आ गए। फिर सभी ने मिलकर शराब पी। इसी दौरान अच्युतानंद ने फोन कर बुलाया तो सभी पीसीबी हॉस्टल पहुंच गए थे। इंस्पेक्टर कर्नलगंज सत्येंद्र सिंह ने बताया कि प्रदीप को जेल भेज दिया गया है। अन्य तीनों मददगारोंकी तलाश की जा रही है।