हैदराबाद से मां की अस्थियों को संगम में प्रवाहित करने आए एनआईआर कारोबारी की इनोवा कार का शीशा तोड़कर उचक्कों ने 58 हजार रुपये, एक लैपटॉप, मोबाइल और तीन सूटकेस पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार दोपहर परेड मैदान में हुई घटना के बाद खलबली मच गई। मामला एनआईआर कारोबारी से जुड़ा होने के चलते कई थानों की फोर्स पहुंच गई। तत्काल मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया। कीडगंज पुलिस मुकदमा लिखकर जांच में जुटी है।
हैदराबाद के रहने वाले एनआरआई श्रीनिवासन कोलंबो में कारोबार करते हैं। कुछ दिन पहले उनकी मां का निधन हो गया। वह मां की अस्थियों को गंगा में विसर्जित करने के लिए शुक्रवार दोपहर परिवार सहित वाराणसी पहुंचे। इसके बाद शनिवार सुबह वाराणसी से इनोवा कार बुक कर संगम आए। मकर संक्रांति का स्नान पर्व होने के चलते कार फोर्ट रोड चौराहे से आगे नहीं जाने दी गई गई।
तब इनोवा नए पुल के पास बनी पार्किंग में लगा दी गई। ड्राइवर भी कारोबारी परिवार के साथ संगम चला गया। दोपहर लगभग दो बजे वे लौटे तो इनोवा के बाईं तरफ का शीशा टूटा था। कार में रखे तीन सूटकेस, लैपटॉप, दो मोबाइल और 58 हजार रुपये समेत कई सामान गायब था। कंट्रोल रूम की सूचना पर कीडगंज पुलिस पहुंची। पुलिस ने पूछताछ के बाद गायब दो मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगा दिया। एक मोबाइल बंद मिला। जबकि दूसरा कार में ही मिल गया। तहरीर पर कीडगंज पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस उचक्कों की तलाश में जुटी है।