इलाहाबाद। जनपद में बुधवार को तीन अलग हादसों में नौ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक महिला और तीन बच्चे शामिल हैं। सबसे दुखद हादसा बुधवार सुबह करछना इलाके में हुआ जहां मिनी बस की टक्कर से बाइक सवार दंपती रामबहादुर पटेल और उसकी पत्नी राजपति, बेटे अश्विनी (4), बेटी साक्षी (3)) के अलावा मिनी बस के कंडक्टर राजकुमार (35) निवासी देवरी गांव, हलिया, मिर्जापुर की भी मौत हो गई। रामबहादुर अपनी पत्नी और दो बच्चों के सात शादी समारोह में शामिल होकर मेजा में चपरतला अपने घर लौट रहा था तभी अनहोनी हो गई। घटना के बाद मिर्जापुर मार्ग पर कई घंटे तक बवाल होता रहा।
ग्रामीणों ने सड़क के साथ-साथ रेलवे ट्रैक पर भी जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव करने के साथ ही भीरपुर पुलिस चौकी में जमकर तोड़फोड़ की। पथराव में एसपी, एसडीएम, सीओ समेत कई पुलिसकर्मी जख्मी हुए तो पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें कई लोग जख्मी हुए। पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह पुलिस ने रेलवे ट्रैक क्लीयर कराया। सड़क मार्ग खुलने में नौ घंटे लग गए।
वहीं हंडिया में इलाहाबाद के कैंट थाने के नाका चौकी प्रभारी उदय शंकर कुशवाहा (32) की आल्टो कार बुधवार सुबह खड़े ट्रेलर में जा घुसी। वाराणसी से लौटते समय हंडिया हाइवे पर बगहा गांव के पास हुई दुर्घटना में दरोगा की पत्नी सरिता (29) और एक बेटे हर्षित (4) की मौत हो गई। जबकि उदय शंकर और दूसरे बेटे अर्पित (4) की हालत निजी अस्पताल में गंभीर बनी हुई है। लालगोपालगंज में हंडिया-कोखराज फोरलेन बाइपास हाईवे पर पटना उपरहार गांव के सामने मंगलवार रात बाइक सवार दो लोगों प्रतापगढ़, हथिगवां के पुन्ने मऊ गांव निवासी वीरेंद्र कुमार पाल (26), और हरिहर सिंह (45) की किसी गाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई।