नैनी जेल में बंद शातिर बदमाश नीरज बाल्मीकि ने रेलवे के एक ठेकेदार को फोन कर 50 हजार की रंगदारी मांगी है। नीरज और उसके एक रिश्तेदार को इस मामले में नामजद किया गया है। नीरज ने जेल से ही फोन किया या फिर पेशी के दौरान, इस बात की जांच की जा रही है।
सुलेम सराय के रहने वाले फ्रैंक रिचर्ड मिनेश रेलवे में ठेकेदारी करते हैं। छह अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि नीरज से बात करिए। फिर फ्रैंक रिचर्ड को धमकाते हुए कहा गया कि 50 हजार रुपये बिट्टू सोनकर को दे दो नहीं तो जान से मार दिया जाएगा। फ्रैंक ने पहले इस फोन को गंभीरता से नहीं लिया। बाद में बिट्टू उन्हें बार बार गुंडा टैक्स के लिए फोन करने लगा। उसने भी जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद फ्रैंक ने धूमनगंज पुलिस को संपर्क किया। एसओ धूमनगंज नागेश सिंह ने बताया कि नीरज बाल्मीकि और बिट्टू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नीरज जेल में बंद है। ऐसे में उसने कैसे फ्रैंक को फोन किया। इस बात की तहकीकात की जा रही है। गौरतलब है कि नीरज को पिछले महीने ही पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी समेत कई गंभीर मामले चल रहे हैं।