नैनी इलाके में रविवार देररात बालू लदे ट्रैक्टर से कुचलकर सात वर्ष के बच्चे की मौत हो गई। नाराज लोगों ने जमकर बवाल किया। ट्रैक्टर फूंक दिया और उधर से गुजर रहे वाहनों पर पथराव किए। बवाल से आवागमन ठप हो गया। कई थानों की फोर्स पहुंची। किसी तरह पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया। आधी रात बाद सड़क पर आवागमन शुरू हो सका।
नैनी कोतवाली में मड़ौका गांव निवासी मो. सुहैल के गांव में ही रहने वाले एक रिश्तेदार के यहां शादी थी। सुहैल के घरवाले और पड़ोसी शादी में शामिल होने पैदल ही जा रहे थे। सुहैल का बेटा मो. तैज (7) भी उनके साथ जा रहा था। सड़क पार करते समय वह तैज बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आने से उसकी मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई।
लोग ट्रैक्टर चालक को पकड़ने के लिए दौड़े तो वह ट्रैक्टर लेकर भागा। चालक वाहन समेत नहीं भाग पाया तो ट्रैक्टर छोड़कर पैदल ही भाग निकला। बच्चे की मौत से गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। उधर से गुजर रहे वाहनों पर पथराव कर दिया। सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर आ गए। बवाल के चलते सड़क पर आवागमन ठप हो गया। बवाल की सूचना कई थानों की फोर्स के साथ इंस्पेक्टर नैनी पहुंचे। फायरब्रिगेड की मदद से ट्रैक्टर में लगी आग पर काबू पाया गया। गुस्साए लोग चालक को पकड़ने और उसके खिलाफ मुकदमा लिखने की मांग कर रहे थे। किसी तरह पुलिस ने गांववालों को समझाबुझाकर शांत कराया तब जाकर आवागमन शुरू हो सका।