इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्र के आत्मदाह तथा लाठीचार्ज की घटना को मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने गंभीरता से लिया है। मंत्रालय ने विश्वविद्यालय से पूरी घटना की रिपोर्ट मांगी है। राज्यमंत्री डॉ.महेंद्रनाथ पांडेय का कहना है कि केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावेडकर को भी घटना से अवगत कर दिया गया है। विश्वविद्यालय से रिपोर्ट मिलने का इंतजार है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंत्रालय के अफसरों ने आत्मदाह करने वाले छात्र का भी हालचाल लिया। दिल्ली के अस्पताल में भर्ती छात्र की तबीयत खतरे से बाहर है। 48 घंटे तक स्थिति स्थिर रहती है तो उसकी तबीयत में तेजी से सुधार होगा।
विश्वविद्यालय और पुलिस प्रशासन भी आत्मदाह तथा बवाल करने वाले छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मांगी गई है। फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आत्मदाह करने वाले जाबिर समेत अन्य छात्रों के खिलाफ एफआईआर लिखाई गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन गृह तथा मानव संसाधन विकास मंत्रालय को भी पूरी रिपोर्ट भेजेगा।
उधर, आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज और आत्मदाह की घटना को लेकर छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया है। छात्रसंघ अध्यक्ष की ओर से विश्वविद्यालय के अफसरों खिलाफ एफआईआर लिखाई गई है। शुक्रवार को छात्रों का क्रमिक अनशन जारी रहा। उन्होंने कुलपति का पुतला भी फूंका तथा मार्च निकाला। छात्र आगे तेज आंदोलन की तैयारी में हैं। इसकी रणनीति बनाने के लिए छात्रसंघ की ओर से शनिवार को दिन में 11 बजे बैठक बुलाई गई है। इसमें सभी संगठन के छात्र प्रतिनिधि शामिल होंगे। छात्रों के इस रुख के बाद सोमवार को बड़े आंदोलन की आशंका है।