बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने गंगापार के मऊआइमा में फिल्मी स्टाइल में वीडियोकान के मैनेजर को चलती कार में गोली मारकर घायल कर दिया और 2.82 लाख रुपये से भरा बैग लूट ले गए। मंगलवार की रात पौने नौ बजे मऊआइमा फाटक के पास हुई इस वारदात से सनसनी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गंभीर घायल मैनेजर को सिविल लाइंस के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
दारागंज के रहने वाले देवेंद्र कुमार तिवारी वीडियोकॉन कंपनी में मैनेजर हैं। वे मंगलवार को ड्राइवर राधेश्याम को लेकर डस्टर गाड़ी से प्रतापगढ़ गए थे। पैसों का तगादा कर रात करीब 8.45 बजे दोनों शहर लौट रहे थे। अभी वह मऊआइमा फाटक को पारकर कुछ ही आगे बढ़े थे कि तभी वहां दो पल्सर पर सवार होकर चार बदमाश पीछे से आए। कार के दोनोें तरफ एक-एक बाइक बदमाश दौड़ाने लगे। अभी देवेंद्र कुछ समझ पाते इससे पहले ही बदमाशों ने कार की अगली सीट पर बैठे देवेंद्र पर फायर झोंक दिया। कार की खिड़की का शीशा तोड़ते हुए गोली देवेंद्र के सीने में लगी। इसके बाद बदमाश ने देवेेंद्र के पास मौजूद नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। चालक ने परिजनों को जानकारी दी उसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची। मामले में सोरांव के सीओ जितेंद्र गिरि ने कहा कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट लिखी जाएगी। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
उमेश केसरवानी शहर में टैगोरटाउन के रहने वाले हैं। वह सोरांव थाना क्षेत्र के फाफामऊ स्थित शांतिपुरम सेक्टर ई में राधे सीमेंट एजेंसी चलाते हैं। पुलिस के मुताबिक, रोज की तरह मंगलवार शाम करीब सात बजे उमेश घर जाने के लिए निकले। वह बैग लिए हुए थे जिसमें करीब डेढ़ लाख रुपये थे। उनका नौकर संजय निवासी फाफामऊ दुकान में ताला लगाने लगा। अभी उमेश बैग लेकर कार की तरफ ही बढ़ रहे थे कि तभी पीछे से पैदल ही आए दो बदमाशों ने उन्हें घायल कर उनसे रुपयों भरा बैग छीना और भागने निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल व्यापारी को शहर ले गई जहां निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।