बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार दोपहर पुलिस लाइन के सामने से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। दिनदहाड़े वकील से लूट के बाद बदमाश महाराणा प्रताप चौराहे की तरफ भागे। कंट्रोल रूम की सूचना पर एसपी क्राइम, एसपी सिटी, सीओ और इंस्पेक्टर कर्नलगंज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काली पल्सर से भागे बदमाशों की तलाश में घेरेबंदी की लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस लाइन, एसबीआई और अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने खंगाला लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
कटरा के रहने वाले मोहम्मद लईक हाईकोर्ट में वकील हैं। उनका पुलिस लाइन के सामने स्थित एसबीआई मुख्य शाखा में खाता है। वह दोपहर सवा एक बजे डेढ़ लाख रुपये निकालने के बाद बैंक से बाहर निकले। रकम एक पॉलीथीन में रखक र हाथ में पकड़े थे। वह पैदल ही सड़क पार कर पुलिस लाइन की तरफ जा रहे थे तभी कचहरी की ओर से काली पल्सर बाइक पर दो बदमाश आए। वकील से पॉलीथीन छीनकर बदमाश महाराणा प्रताप चौराहे की ओर भाग निकले। वकील ने शोर मचाया तो भीड़ जुट गई। राहगीरों को कुछ समझ में नहीं आया कि आखिर हुआ क्या। कंट्रोल रूम की सूचना पर इंस्पेक्टर कर्नलगंज पहुंचे। पुलिस लाइन के सामने सरेराह लूट की खबर पाकर एसपी क्राइम, एसपी सिटी और सीओ कर्नलगंज आ गए। वकील से पूछताछ के बाद आसपास के थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया। बदमाशों को पकड़ने के लिए घेरेबंदी की गई। काफी देर तक बदमाशों की सुरागकशी के लिए पुलिस अफसर परेशान रहे लेकिन सीसीटीवी फुटेज से उन्हें बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने वकील की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।