शहर के पुराना ममफोर्डगंज इलाके में कूड़ा फेंकने से मना करने पर वकील को घर में घुसकर गोली मारने की कोशिश की गई। पड़ोस में रहने वाले अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति ने वकील के सिर पर तमंचा से फायर किया लेकिन गोली मिस हो गई। मारपीट के बाद उसने धमकी दी कि एक महिला से रेप का फर्जी मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवा देगा। वकील की शिकायत पर कर्नलगंज थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
पुराना ममफोर्डगंज निवासी अधिवक्ता शिवेंद्र कुमार ने कर्नलगंज थाने की पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी दिनेश कुमार के मकान मेें बृजमोहन किराए पर रहता है। वह अक्सर उनके घर के सामने कूडा फेंक देता है। उन्होंने कई बार उसे कूड़ा घर के सामने फेंकने से मना किया लेकिन वह हर बार झगड़े पर आमादा हो गया। वह धमकी देता कि पड़ोस में रहने वाली औरत से उनके खिलाफ रेप का फर्जी केस दर्ज करा देगा। शिवेंद्र के मुताबिक, उन्होंने मकान मालिक दिनेश से भी इस बारे में बात की लेकिन उनका कहना है कि वह खुद भी अपराधी प्रवृत्ति के बृजमोहन से परेशान हैं।
मंगलवार शाम भी बृजमोहन ने कचरा घर के सामने फेंका तो अधिवक्ता शिवेंद्र ने फिर ऐतराज जताया। इस पर बृजमोहन पड़ोस में रहने वाली औरत के साथ उनके घर में घुस आया। उसने शिवेंद्र के सिर पर तमंचा सटाकर फायर किया लेकिन गनीमत रही कि गोली नहीं चली। इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी दी और पड़ोसी औरत से थाने जाकर वकील के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराने के लिए कहा। इस घटना से घबराए शिवेंद्र ने कर्नलगंज थाने जाकर पूरा किस्सा सुनाया तो पुलिस ने बृजमोहन और पड़ोस में रहने वाली औरत के खिलाफ मुकदमा लिखकर छानबीन शुरू कर दी।