फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वकील की हत्या कर लाश कुएं में फेंकी, बवाल

Sun, 11 Jun 2017 02:28 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
एक सप्ताह पूर्व अपहृत वक ील विजय कुमार गुप्ता उर्फ बबलू (32 ) का शव शनिवार को कुएं में मिलने के बाद ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा। पुलिस को कुएं से शव भी नहीं निकालने दिया गया। लोग डीएम और एसएसपी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े थे। आक्रोशित ग्रामीणों ने समोधीपुर के पास बनारस-इलाहाबाद हाईवे जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक हाईवे पर हंगामा होता रहा। कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। एडीएम प्रशासन और एसपी यमुनापार के पहुंचने पर आरएएफ और पीएसी ने ग्रामीणों को लाठियां पटक दौड़ाया। इसके बाद ही जाम हटा। बाद में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन अस्पताल भेजा। घटना के बाद से इलाके में तनाव बरकरार है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
विज्ञापन


दोपहर करीब एक बजे चकपुरंदर उर्फ चका गांव के कुछ युवक कबूतरों का शिकार करने समोधीपुर के जंगलों में गए थे। युवकों को लगा कि पास के कुएं में कुछ कबूतर हैं। टार्च की रोशनी कुएं में डाली तो लाश पड़ी मिली। इसके बाद शोर मच गया। खबर गांव तक पहुंची तो लापता वकील के घरवाले भी पहुंच गए। आशंका वश घर के कुछ सदस्य कुएं में उतरे। उन्होंने पैंट, रिवाल्वर की डोरी, गले की चेन, कागज तथा अन्य सामान से पहचान लिए। यह तय हो गया कि लाश बबलू की ही है। तब तक वहां भारी भीड़ जमा हो गई। अपहृत वकील की लाश देखकर गांववालों का गुस्सा भड़क उठा। इधर सूचना पुलिस को मिल चुकी थी। करीब एक घंटे बाद थाना प्रभारी उतरांव पुलिस बल के साथ पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें कुएं के पास नहीं पहुंचने दिया। लोगों ने एसएसपी और डीएम को बुलाने की मांग को लेकर इलाहाबाद-वाराणसी हाईवे जाम कर दिया।

हाईवे पर करीब तीन घंटे तक हंगामा होता रहा। नाराज ग्रामीणों ने कई गाड़ियां तोड़ डालीं। माहौल को देखते हुए हंडिया, फूलपुर, सराय इनायत, थरवई, बहरिया, झूंसी थानों की पुलिस भी बुला ली गई। लोग शांत नहीं हुए तो ए़डीएम प्रशासन और एसपी यमुनापार आरएएफ और पीएसी के साथ पहुंचे। इन अधिकारियों के सामने परिजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी, थाना प्रभारी का निलंबन, पत्नी को नौकरी, पीड़ित परिवार  को 50 लाख रुपये, शस्त्र लाइसेंस की मांग रखी। इन मांगों पर अफसरों ने सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी लोग हाईवे से नहीं हटे तो पुलिस ने लाठियां पटककर दौड़ा लिया। जाम खुलवाने के बाद पुलिस अधिकारी समोधीपुर के निकट कुएं के पास गए तो यहां पर भी ग्रामीणों ने विरोध किया। यहां से भी  भीड़ को खदेड़ा गया। सिपाहियों ने कुएं में घुसकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन हास्पिटल भेज दिया।
विज्ञापन


थाना प्रभारी ने उतरांव ने बताया कि वकील विजय कुमार गुप्ता तीन जून से लापता थे। उनके अपहरण का मुकदमा पांच जून को झूंसी के छोटे सिंह के खिलाफ दर्ज किया गया था। जिसे अब अपहरण कर हत्या में तब्दील कर दिया गया है। घरवाले शुरू में तो दो दिन तक तलाशते रहे, उनके न मिलने पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।

चका गांव के बंशीलाल के बड़े बेटे विजय कुमार गुप्ता हंडिया के अलावा हाईकोर्ट में भी वकालत करते थे। उनके पास गांव में खेतीबाड़ी के अलावा एक भट्ठा है। इनसे छोटे संजय और राजेश महाराष्ट्र में कारोबार करते हैं। करीब 12 साल पहले बबलू की शादी सुनीता के साथ हुई थे। उनके एक बेटा राजकुमार और बेटी मुस्कान नौ-नौ साल के हैं। तीसरा बेटा छह साल का सावन है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें