मऊआईमा (इलाहाबाद)। मऊआईमा कस्बे से सटे बैरहना चौराहे पर सोमवार शाम को दो समुदायों के बीच हुए बवाल के दूसरे दिन पीएसी के साथ भारी पुलिस तैनात रही। खाकी के पहरे से बाजार में सन्नाटा रहा। दहशत में लोग घरों से बाहर निकलने से कतराते रहे। बवाल के बाद पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज किया। दोनों पक्षों क ी तहरीर के साथ एक रिपोर्ट एसओ मऊआईमा की तहरीर पर दर्ज हुई है। पुलिस दिनभर माहौल को शांतिपूर्ण बनाने के लिए दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत के प्रयास में लगी रही।
निशान लेकर जा रहे डीजे संचालक की पिटाई के बाद मऊआईमा के बैरहना चौराहे पर सोमवार शाम को जमकर बवाल हुआ था। दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने हो गए थे और जमकर ईंट-पत्थर चले थे। हालात इस कदर बिगड़ गए थे कि पुलिस को रबर बुलेट और आंसू गैस के गोले दागने पड़े थे। मामला दो समुदायों के बीच होने के चलते इलाके में तनाव बना हुआ था। रात में डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंच गए। हालात पर काबू पाने के बाद दोनों समुदायों के बीच तनाव और आक्रोश था। बवाल को रोकने के लिए गांव के बाहर जगह-जगह पुलिस तैनात थी। ताकि दूसरे गांवों के लोग बाजार तक न पहुंच सकें। रात भर पुलिस गश्त करती रही। लाउडस्पीकर से शांति बनाने की अपील करती रही। मंगलवार को भी पूरे दिन बाजार में पुलिस तैनात रही।
चौराहे पर इक्का-दुक्का दुकानें ही खुलीं, लेकिन लोग पुलिस के चक्कर में फंसने के डर से बाहर नहीं निकले। एसपी गंगापार दिगंबर कुशवाहा और सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी दोपहर में हालात का जायजा लेने पहुंचे। बवाल में तीन एफआईआर दर्ज हुई। बवाल में एक पक्ष के घायल लालजी की तहरीर पर चांदबाबू, ननके, सद्दाम, ननकू, रशीद, अंसार, सईद समेत 300 अज्ञात और दूसरे पक्ष के शमीमुद्दीन की तहरीर पर विकास जायसवाल सहित 11 नामजद और 400 अज्ञात के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज, धमकी, तोड़फोड़ और 7 सीएलए के तहत रिपोर्ट हुई है।
वहीं एसओ विजय प्रताप की तहरीर पर विकास जायसवाल, फूलचंद्र, आशीष, सीताराम, राजकुमार, शिव कुमार, नन्हें, सलीम, गुलजार, आसिफ, अफजल, तौफीक, मो. माशूक समेत 19 नामजद और 400 अज्ञात के खिलाफ बलवा, तोड़फोड़, धमकी, 7 सीएलएक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा लिखा गया है। सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि बवाल की वीडियोग्राफी हुई है। उपद्रवियों को चिह्नित कर गिरफ्तारी की जाएगी। एसपी गंगापार दिगंबर कुशवाहा ने बताया कि बवाल में सक्रिय भूमिका निभाने वालों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई होगी।