इलाहाबाद (ब्यूरो)। करेली के बाजूपुर गांव में बुधवार दोपहर नवविवाहिता युवती ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोपहर बाद पति दुकान से घर आया तो घटना का पता चला। खबर पाकर पहुंची करेली थाने की पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
करेली के बाजूपुर गांव में रहने वाले सलीम शहजादे ने बाहर मार्केट में प्वाईवुड की दुकान खोल रखी है। उसने पहली पत्नी की बीमारी से मौत के बाद नवाबगंज इलाके के मेंडार गांव की तबस्सुम (25) से दूसरा निकाह किया था। पहली पत्नी से दो साल का बेटा है जो नया पूरा करेली में उसके बहनोई नफीस खां के पास है। कुछ ही समय पहले सलीम पत्नी तबस्सुम के साथ नए मकान में आया था इसलिए आसपास के लोगों से अभी ज्यादा परिचय नहीं था। बुधवार सुबह वह दुकान चला गया था। दोपहर में करीब तीन बजे वह भोजन के लिए घर पहुंचा तो दरवाजा बंद था।
काफी देर तक खटखटाने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो वहां भीड़ लग गई। सलीम से फोन पर खबर पाकर नया पूरा करेली से उसकी बहन और बहनोई नफीस खां भी आ गए। छत पर जाकर दरवाजा तोड़कर लोग घर के अंदर गए तो सीढ़ी के ग्रिल में साड़ी के फंदे से तबस्सुम फांसी पर लटकी दिखी। खबर पाकर करेली थाने की पुलिस पहुंची। शाम को नवाबगंज से तबस्सुम की मां शमीम अख्तर बानो भी कई रिश्तेदारों के साथ आ गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि तबस्सुम को मारकर फांसी पर लटका दिया गया। इस आरोप पर पुलिस ने सलीम को उसके बहनोई नफीस समेत हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पहली पत्नी की मौत और दूसरी पत्नी की खुदकुशी से परिजन भी स्तब्ध हैं।
खीरी इलाके के पथरपुर गांव में सोमवार को राजीव उर्फ दुबरी (25) की फांसी लगाकर आत्महत्या के दूसरे रोज उसकी चाची ममता देवी उर्फ गुड्डी (40) ने भी खुदकुशी कर ली। उसके पति बब्बू की चार साल पहले मृत्यु हो गई थी। उसकी छह बेटियां हैं। गुड्डी की खुदकुशी की वजह साफ नहीं हो सकी है।