नैनी के कनैला गांव में शनिवार को एसडीएम करछना सत्य प्रकाश श्रीवास्तव और सीओ करछना बृजनंदन राय ने मुखबिर की सूचना पर कबाड़ गोदाम में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देख गोदाम में काम करने वाले मौके से भागने लगे। लेकिन पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने गोदाम से भारी मात्रा में चोरी का लोहा और तमाम उपकरण बरामद किया। लोहे के साथ पकड़े गये पांच लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर थाने उठा लाई। सभी के खिलाफ लिखापढ़ी कर ली गई है।
नैनी में लगातार लोहे की चोरी हो रही थी। पहले भी कई बार लोहे की चोरी का मामला उजागर हुआ था। मामले में कई बार नैनी पुलिस ने चोरी के लोहे को पकड़ा और कार्रवाई की थी। अभी लगभग बीस दिनों पहले ही भारी मात्रा में टीएसएल का लोहा बरामद किया गया था। शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना पर एसडीएम करछना सत्य प्रकाश श्रीवास्तव और सीओ करछना बृजनंदन राय नैनी पुलिस के साथ कनैला गांव पहुंचे और कबाड़ के गोदाम में घेराबंदी कर छापा मार दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर 25 गैस सिलेण्डर, इलेक्ट्रानिक तराजू, गैस कटर के साथ एक डीसीएम गाड़ी बरामद की। पुलिस ने गोदाम से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जिसमें चंदू पुत्र नजीर निवासी दरियाबाद, पवन पुत्र रमेश निवासी एडीए, राजेश पुत्र रमेश निवासी मलाकराज, लाला और कन्हैया निवासी नैनी कांशीराम कालोनी को हिरासत में ले लिया और सामान से नैनी कोतवाली उठा लाई। सीओ करछना बृजनंदन राय के अनुसार कबाड़ गोदाम में पकड़े गये। युवकों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जायेगा।