गंगापार के सहसों इलाके में शुक्रवार रात बदमाशों ने शटर आभूषणों की दुकान का शटर तोड़कर भारी तिजोरी उड़ा दी। सुबह ये तिजोरी दुकान से दूर सड़क किनारे पड़ी मिली। उससे सोने-चांदी के गहने समेत करीब साढ़े पांच लाख रुपये का माल गायब था। स्थानीय पुलिस ने मौके पर खोजी कुत्ते के साथ फील्ड यूनिट को बुलाकर छानबीन की। घुमंतू जनजाति के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
थरवई में भोपतपुर गांव निवासी भोलानाथ सोनी की फूलपुर-सहसों मार्ग पर स्टेट बैंक के बगल में गोल्डन ज्वेलर्स नाम से आभूषणों की दुकान है। शुक्रवार रात वह दुकान बंदकर घर चले गए। आधी रात बाद चोरों ने दुकान पर धावा बोल दिया। शटर टेढ़ाकर दुकान में घुसे बदमाशों ने चार कुंटल वजनी तिजोरी बाहर निकाल ली। चोर उसे किसी गाड़ी पर लादकर ले गए। सुबह तिजोरी तीन किलोमीटर दूर थरवई में देवनहरी गांव के पास जनता इंटर कॉलेज के सामने सड़क किनारे पड़ी मिली। तिजोरी पर भोलानाथ सोनी का नाम लिखा था। किसी ने फोन से सूचना दी तो भोलनाथ दुकान पहुंच गए। सहसों चौकी में खबर दी गई।
कुछ देर में चौकी प्रभारी विजय यादव पहुंच गए। भोलानाथ ने बताया कि तिजोरी में दो लाख 40 हजार रुपये कीमत के चांदी के आभूषण, तीन लाख रुपये के सोनू के गहने, पांच हजार रुपये नगद और कुछ सामान समेत करीब साढे़ पांच लाख का माल था। मौके पर फील्ड यूनिट प्रभारी प्रेम भारती भी डॉग स्कवॉयड के साथ आ गए। खोजी कुत्ता दुकान से निकलकर कुछ दूर स्थित बाग तक गया जहां घूमंतू जनजाति के लोगों ने डेरा डाल रखा है। वहां से पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए उठा लिया। फिलहाल चोरों का पता नहीं चल सका है।