बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के थरवई की हेतापट्टी शाखा में शुक्रवार रात चोर सेंध लगाकर अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने बैंक का लॉकर तोड़कर नकदी उड़ाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली तो फरार हो गए। अंदर कई कंप्यूटर और अन्य सामान रखे थे, जिसे चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया। सुबह लोगों ने बैंक के पीछे की दीवार कटी देखी तो गांव में खलबली मच गई। सूचना पर थरवई पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद पुलिस लौट आई।
थरवई के हेतापट्टी गांव में बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा है। जो किराए के मकान में है। शुक्रवार रात चोर बैंक के पीछे दीवार को काटकर अंदर घुस गए। चोरों ने हथौड़े से बैंक का लॉकर तोड़ने की भरसक कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। बैंक की एक दूसरी शाखा भी पास के गांव में खुलने वाली है। जिसके लिए कई नए कंप्यूटर खरीदकर इस शाखा में रखे हुए थे। लेकिन चोरों ने उसे छुआ तक नहीं है। इससे जाहिर है कि चोरों के निशाने पर सिर्फ लॉकर में मौजूद नक दी ही थी। सुबह गांव में बैंक में सेंध लगाए जाने का हल्ला मचा तो सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर थरवई पुलिस और के बैंक कर्मचारी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और डॉग स्कवॉयड की टीम भी मौके पर पहुंची। लेकिन खोजी कुत्ता पीछे के रास्ते से बाहर निकलने के बाद कुछ दूर जाकर भटक गया। बैंक के मैनेजर श्री प्रकाश श्रीवास्तव की तहरीर पर पुलिस ने तोड़फोड़ और चोरी के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। बैंक के लॉकर में 39 हजार रुपए थे। बताया जाता है कि बैंक की इस शाखा में ज्यादा नकदी नहीं रखी जाती है। नकदी ज्यादा होने पर नजदीकी शाखा में जमा क रा दिया जाता है। एसओ थरवई सत्येंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा लिखकर चोरों का पता लगाया जा रहा है।