फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शाश्वत की याद में शहर में निकाला कैंडल मार्च, हर आंख नम

Mon, 25 Sep 2017 02:04 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
डा. शाश्वत पांडेय की मौत के मामले में आरोपी डॉक्टर सुयश गुप्ता को सजा देने की मांग को लेकर रविवार को सिविल लाइंस में कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च में शहर के जाने माने चिकित्सकों के साथ मेडिकल कालेज के सैकड़ों छात्र-छात्राएं समेत 21 संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए। सुभाष चौराहे से पत्थर गिरजाघर तक हाथों में न्याय की मांग करने की स्लोगन लिखी तख्तियां लिए शामिल लोग मौन रहे। फिर सुभाष चौराहे पर मार्च में शामिल लोगों ने पहुंचकर चौराहे पर लगे शाश्वत के पोस्टर के आगे मोमबत्ती लगाकर श्रद्धांजलि दी। जिस समय इलाहाबाद में कैंडल मार्च निकल रहा था उसी वक्त दिल्ली के जंतर मंतर में भी डॉ. शाश्वत पांडेय के रिश्तेदारों ने वहां कैंडल मार्च निकालकर दोषी डाक्टर की अब तक गिरफ्तारी न किए जाने के मामले पर वहां की पुलिस को कटघरे में खड़ा किया।
विज्ञापन


सुभाष चौराहे पर रविवार शाम चार बजे ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई। शाम करीब पांच बजे डॉ. शाश्वत के परिजनों की मौजूदगी में श्रद्धांजलि सभा हुई। सभा में डा. शाश्वत पांडेय के पिता डा. संजय पांडेय ने एक माह का वक्त बीत जाने के बाद भी अपने बेटे के हत्यारे की गिरफ्तारी अब तक पुलिस द्वारा न किए जाने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस सिर्फ आश्वासन दे रही है, लेकिन हत्यारा डाक्टर अब भी फरार है। कई बार उनके आंसू भी निकले। यह देख वहां मौजूद तमाम लोगों की आंखें नम हो गई। इस दौरान डा. शाश्वत के नाना डा. ओपी बजाज ने कहा कि उन्होंने कभी भी अपने नाती को शाश्वत नाम से नहीं पुकारा। हमेशा उसे प्यार से लड्डू ही पुकारा।

इसके बाद कहां गया मेरा लड्डू कहकर बिलख पड़े। सामने मौजूद उनकी बेटी एवं शाश्वत की मां डा. शालिनी पांडेय एवं अन्य लोगों ने उन्हें संभाला। डा. बजाज को रोता देख वहां सामने बैठी निवर्तमान मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी भी अपने आंसू नहीं रोक पाईं। उन्होंने कहा कि जवान बेटे को खोने का कष्ट शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। इस दौरान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल, सिविल लाइंस व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा, महामंत्री शिवशंकर सिंह, विशाल कन्नौजिया, उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री योगेश गोयल आदि ने भी अपनी शोक संवेदना व्यक्त की।
विज्ञापन


श्रद्धांजलि सभा के बाद कैंडल मार्च में ‘जस्टिस फॉर शाश्वत’ लिखी टीशर्ट और तख्ती लिए सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। कैंडल मार्च सुभाष चौराहे से पत्थर गिरजा होते हुए वापस सुभाष स्थल के समक्ष संपन्न हुआ। इस दौरान प्रयाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय अरोरा, आशीष गुप्ता, रितेश सिंह, शशांक जैन, डा. आलोक मिश्र, डा. सुबोध जैन, डा. बीबी अग्रवाल, सरदार अजीत सिंह, अमिताभ गौड़, राजेंद्र अवस्थी, विनोद चंद्र दुबे के साथ कई समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें