गंगापार के होलागढ़ कस्बे में रविवार देर रात दुर्गा पूजा पंडाल के सामने से मोहर्रम का जुलूस गुजरने के दौरान हंगामा हो गया। पंडाल के सामने ढोल बजाने का विरोध करने पर मारपीट हो गई। पथराव भी होने लगा। कई लोग जख्मी हो गए। पता चलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। स्थिति संभालने के बाद सोमवार को पुलिस ने दोनों पक्षो के साथ शांति बैठक की।
होलागढ़ खास में शिव मंदिर के पास दुर्गा पूजा पंडाल लगा है। रविवार रात भी पंडाल में लोग पूजा और आरती की खातिर जुटे थे। तभी करबला की ओर रवाना मोहर्रम का जुलूस वहां पहुंचा। जुलूस में बजे रहे ढोल की थाप पर पंडाल में मौजूद लोगों ने विरोध जताया तो झड़प होने लगी। अचानक मारपीट के बाद पथराव होने लगा। ईंट-पत्थर लगने से कुछ लोग जख्मी हो गए। खबर मिलते ही होलागढ़, मऊआईमा, नवाबगंज समेत कई थानों की पुलिस के साथ सीओ सोरांव और एसपी गंगापार राजेश श्रीवास्तव वहां आ गए।
पुलिस ने दोनों तरफ के लोगों को दूर हटाकर स्थिति नियंत्रित की।
पुलिस ने इस घटना में मोहर्रम कमेटी के जाकिर हुसैन उर्फ मुन्ना से तहरीर लेकर महेंद्र कुमार केसरवानी समेत 21 लोगों के खिलाफ बलवा और मारपीट का केस लिखा। सोमवार सुबह एडीएम प्रशासन महेंद्र कुमार राय तथा एसपी गंगापार राजेश कुमार ने दोनों पक्ष के लोगो कैसर लाला, जमील, मुन्ना अंसारी, मोहम्मद अनवर, संजय दुबे, कन्हैयालाल पांडेय, लालजी गुप्ता, रामबरन मौर्या आदि के साथ बैठकर शांति और सौहार्द कायम करने की बात की। हिदायत दी कि शांतिपूर्वक दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन किया। अगर शांति बनी रही तो दर्ज हुए मुकदमे को थाने से खत्म कर दिया जाएगा।