अधिवक्ता राजेश कुमार श्रीवास्तव की दिनदहाड़े हत्या की घटना को हाईकोर्ट ने भी गंभीरता से लिया है। चीफ जस्टिस और वरिष्ठ जजों ने जिले के आला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाकर मामले की जानकारी और ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। चीफ जस्टिस ने हाईकोर्ट बार को भी आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद, अभियुक्तों की गिरफ्तारी सहित तमाम मांगों पर अविलंब कार्यवाही की जाएगी। वहीं हत्या से आक्रोशित हाईकोर्ट के वकीलों ने लंच के बाद हड़ताल पर जाने की घोषणा कर दी। बार ने अपनी ओर से तत्काल पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है।
एसोसिएशन ने मृतक अधिवक्ता के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने तथा मुआवजे की राशि बढ़ाने की मांग की है। हत्या की जानकारी होने पर महासचिव एसी तिवारी ने मुख्य न्यायाधीश के समक्ष कोर्ट में मेंशन किया। उन्होंने बताया कि ड्रेस में कचहरी जा रहे अधिवक्ता की हत्या से वकीलों में काफी आक्रोश है। इस पर चीफ जस्टिस का कहना था कि उनको घटना की जानकारी मिल चुकी है और लंच में अधिकारियों को बुलाया है। लंच में अध्यक्ष आईके चतुर्वेदी और महासचिव एसी तिवारी चीफ जस्टिस के चैंबर में गए। वहां वरिष्ठ न्यायमूर्ति दिलीप गुप्ता, कृष्णमुरारी, गोविंद माथुर, सुधीर अग्रवाल के अलावा जिला जज एसके पचौरी, एसएसपी सहित कई अधिकारी मौजूद थे। जजों ने अधिकारियों को अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी और अन्य जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया।
इसके बाद हाईकोर्ट बार ने वकीलों की एक आपात बैठक लाइब्रेरी हॉल में बुलाई। अधिवक्ताओं के आक्रोश और उनकी मांग को देखते हुए बार एसोसिएशन ने दोपहर बाद न्यायिक कार्य से विरत रहने की घोषणा कर दी। इससे लंच के बाद वकीलों ने कोई काम नहीं किया। हालांकि शुक्रवार को हाईकोर्ट में हड़ताल का प्रस्ताव नहीं है।
हाईकोर्ट के वकीलों ने दोपहर बाद विरोध स्वरूप अंबेडकर मूर्ति चौराहे पर जाम लगाकर सरकार का पुतला फूंका और सरकार विरोधी नारे लगाए। वकीलों के साथ आए दिन हो रही आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर उनमें काफी आक्रोश था। बार के महासचिव एसी तिवारी का कहना है कि उन्होंने मुख्य न्यायाधीश से दिवंगत अधिवक्ता राजेश श्रीवास्तव की पत्नी को हाईकोर्ट या कचहरी में नौकरी देने की मांग की है। इस पर शुक्रवार को भी विचार विमर्श कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
अधिवक्ता की हत्या की घटना पर एकजुटता दिखाते हुए हाईकोर्ट और कचहरी के वकील बड़ी संख्या में पोस्टमार्टम हाउस और बाद में दारागंज घाट पहुंचे जहां दिवंगत अधिवक्ता राजेश श्रीवास्तव का अंतिम संस्कार किया गया। हाईकोर्ट बार के अध्यक्ष आईके चतुर्वेदी, महासचिव एसी तिवारी के अलावा कई पूर्व पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह, अजय कुमार मिश्र, सुरेंद्र नाथ मिश्र, जेबी सिंह, एके ओझा, अभिषेक चौहान, संजय कुमार सिंह सहित सैकड़ों अधिवक्ता अंतिम विदाई देने के लिए दारागंज घाट पर पहुंचे।