जनवासे में बारातियों के लिए रखे गए गद्दों के नीचे दबने से चार वर्षीय मासूम बच्चे की दम घुटने से मौत हो गई। विवाह की खुशी में मदहोश गद्दों का ढेर लगाने वालों को मासूम की चीख भी सुनाई नहीं पड़ी और वे एक-एक करके गद्दे बच्चे पर ही रखते चले गए। उतरांव थाना क्षेत्र में हुए इस हृदय विदारक हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया।
पौड़न गांव निवासीे पृथ्वीपाल के यहां बुधवार को सरांयममरेज थाना क्षेत्र के बसनेहटा से बारात आई हुई थी। पड़ोस में ही बारातियों के ठहरने के लिए जनवासे की व्यवस्था की गई थी। उसी जगह गद्दे भी रखे गए थे। शाम केसमय पौड़न गांव निवासी घनश्याम का बेटा मनीष कुमार (4) जब घर नहीं लौटा तो परिवारवालों ने उसे तलाशना शुरू किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। रात के समय जब जनवासे में गद्दा बिछाने के लिए हटाया जाने लगा तो मनीष का शव गद्दे के नीचे पड़ा मिला। घटना की जानकारी जब परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। मृतक मासूम चार भाई दो बहनों में सबसे छोटा था। बच्चे की मौत से मां चंदा देवी व घर के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।