नशे में डूबकर नए साल का जश्न मनाने के शौकीनों के जरिए जेब भरने की खातिर अवैध शराब के धंधेबाजों ने तस्करी में तेजी ला दी है। हरियाणा और मध्य प्रदेश से शराब की तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने भी जनपद में चौतरफा चेकिंग शुरू कर दी है। शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान ही करेली थाने की पुलिस ने एक स्कापियो में अवैध शराब की खेप जब्त कर तीन लोगों कोे गिरफ्तार कर लिया। वे हरियाणा से तस्करी की शराब लेकर प्रतापगढ़ जा रहे थे तभी पकड़े गए।
एसपी सिटी विपिन ताडा ने बताया कि शुक्रवार रात आठ से 12 बजे तक सभी थानों की पुलिस को सघन चेकिंग का आदेश दिया गया था। करेली थाने की पुलिस को चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन की तरफ से सफेद रंग की स्कार्पियो आती दिखी। पुलिस ने स्कार्पियो को घेरकर रोकने के बाद तलाशी ली तो उसमें 50 पेटियों में 24 सौ शीशी बाम्बे स्पेशल व्हिस्की नामक शराब की खेप मिली। तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनमें प्रतापगढ़ के मानिकपुर इलाके में पनिगो गांव निवासी सुधाकर यादव, ऐठू गांव का शिवमूरत सरोज तथा हथिगवां के मोहद्दी नगर का कौशल सोनकर उर्फ बब्बी शामिल है। वे 31 दिसंबर को बिक्री के लिए हरियाणा से शराब की खेप लेकर आए थे। रात में वे करेली में कहीं रुकने वाले थे। बरामद शराब की कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है।
शनिवार रात चेकिंग के दौरान ही लीडर रोड चौकी प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय ने शेवरले स्पार्क कार रोकी तो तलाशी लेने पर उसमें भीतर छह पेटी किंगफिशर बीयर की केन मिली। पेटियों में 144 केन बीयर थी। एक पेटी से ज्यादा बीयर ले जाना गैरकानूनी है। गिरफ्तार रोहन सिंह को शाहगंज थाने ले जाकर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस लिखा गया। एसपी सिटी विपिन ताडा ने बताया कि रोहन सिविल लाइंस में ताशकंद मार्ग का रहने वाला है। वह पार्टी के लिए एकमुश्त बीयर ले जा रहा था। उसकी कार भी सीज कर दी गई।