करीब ग्यारह दिन पहले हंडिया से दो बेटियों समेत मायके के लिए निकलने के बाद से लापता महिला को पुलिस ने बुधवार को झूंसी इलाके के एक मकान में छापा मारकर बरामद कर लिया। वहां दो व्यक्ति भी पकड़े गए। महिला ने कहा कि उसे बोलेरो में बेटियों समेत अगवा करने के बाद इस घर में बंधक बनाकर चार लोगों ने बलात्कार किया। बेटियों के कत्ल की भी धमकी दी जाती रही इसलिए वह दहशत में चुप रही। पुलिस अब बाकी दो फरार आरोपियों को खोज रही है।
हंडिया इलाके में रहने वाला एक व्यक्ति ट्रैवेल्स एजेंसी की कार चलाता है। वह पिछले महीने बुकिंग पर दूसरे राज्य गया था। 25 फरवरी को उसकी पत्नी ने फोन किया और बताया कि वह दोनों बेटियों के साथ मिर्जापुर में मायके जा रही है। दो रोज बाद घर लौटने पर पति ने कई बार फोन किया लेकिन महिला का मोबाइल ऑफ था। ससुराल फोन करने पर पता चला कि वह तो वहां पहुंची ही नहीं। हंडिया थाने में सूचना देकर पति खोजबीन में लगा रहा लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। उसकी शिकायत पर पुलिस ने छानबीन शुरू की। क्राइम ब्रांच की मदद से छानबीन में महिला के मोबाइल की लोकेशन झूंसी में हवेलिया गांव के पास मिली।
बुधवार दोपहर हंडिया पुलिस ने एक मकान में छापा मारा तो वहां कमरे में महिला और उसकी आठ तथा छह साल की दो बेटियां मिलीं। दो व्यक्ति भी मौजूद थे, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। सभी को थाने ले जाकर पूछताछ की गई। महिला ने कहा कि वह बेटियों संग सड़क पर खड़ी होकर मायके के लिए बस का इंतजार कर रही थी तभी बोलेरो रुकी। उसमें मौजूद नकाबपोश लोगों ने उसे बेटियों समेत भीतर खींच लिया। उसका भी चेहरा और आंख कपड़े से ढकने के बाद एक मकान में ले जाया गया। बेटियों को धमकी देकर उस मकान में चार लोगों ने उसके साथ लगातार बलात्कार किया। बेटियों पर खतरा होने की वजह से वह चुप्पी साधे रही। पुलिस का कहना है कि आरोपियों हंडिया कस्बा निवासी सोनू और बरियापुर के भागीरथी से पूछताछ की जा रही है। घटना की सच्चाई जल्द उजागर कर दी जाएगी।