मानसिक रूप से कमजोर दलित किशोरी के गुनहगार मीरापुर के ही हो सकते हैं। पुलिस ने रेप के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद दोषियों की तलाश शुरू कर दी है। अतरसुइया और मीरापुर में कई लोगों से पूछताछ की गई और एमएल कान्वेंट के सीसीटीवी फुटेज से भी सुराग तलाशने की कोशिशें शुरू हो गई हैं।
मानसिक रूप से कमजोर दलित किशोरी की रविवार रात नशीला पदार्थ खिलाकर गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी। उसका शव मीरापुर में एमएल कान्वेंट स्कूल के पास खडे़ दो टेंपो के बीच फेंक दिया गया था। सुबह शव मिलने के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पुलिस तो मामले को ठंड से मौत बता रही थी लेकिन पोस्टमार्टम के बाद पूरी कहानी ही बदल गई। गैंगरेप के बाद गला घोंटने से उसकी मौत की बात सामने आने के बाद किशोरी के पिता से नई तहरीर ली गई। रेप और हत्या का मुकदमा सोमवार देर रात दर्ज कर लिया गया। पुलिस को शक है कि किशोरी के गुनहगार मीरापुर या आसपास के ही रहने वाले हो सकते हैं। संदेह सड़क किनारे रहने वाले या क्षेत्र के नशेड़ी किस्म के युवकों पर जताया जा रहा है। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास रहने वालों से पूछताछ की है और सीसीटीवी फुटेज भी हासिल करने की कोशिश कर रही है। पुलिस के मुताबिक किशोरी अक्सर घर से निकल जाया करती थी और कई-कई दिन गायब रहती थी। उसे अक्सर मीरापुर, हर्षवर्धन नगर और सब्जी मंडी के आसपास देखा जाता था। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की है लेकिन कोई खास सुराग नहीं मिला।