मऊआइमा इलाके के छाता सिकरिया गांव में एक महिला की रविवार रात गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसे मारने के बाद पति कमर में बाहर से ताला लगाकर भाग गया। सुबह ग्रामीणों से खबर पाकर आए मायके वालों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने जेठ को दबोचकर जमकर पीट दिया। दरवाजा तोड़ने पर कमरे में महिला की लाश मिली। उसके हाथ में बिजली का तार फंसा था। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से दहेज के लिए उसे मारा-पीटा जा रहा था। अब पति उसका गला घोंटकर पति भाग गया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस लिखा है।
चतुरपुर गांव बहरिया में रहने वाली सरिता (26) का ब्याह वर्ष 2009 में मऊआइमा के छाता सिकरिया गांव में रहने वाले शंकरलाल से किया गया था। अब तक उसे औलाद नहीं हो सकी थी। रविवार रात सरिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार सुबह सरिता के ससुराल के पड़ोस में रहने वाले लोगों ने उसके मायके में फोन कर खबर दी तो परिवार के लोग आ गए। उन्होंने कमरे के दरवाजे में बाहर से लगा ताला तोड़ा तो अंदर बिस्तर पर सरिता की लाश मिली। उसके हाथ में बिजली का तार फंसा था। उससे ही सरिता का गला घोंटा गया था।
यह देख मायके वाले गुस्से से भर गए। पति नदारद था इसलिए उन्होंने जेठ राजेंद्र प्रसाद पटेल को दबोचकर जमकर पीट दिया। खबर पाकर मऊआइमा थाने की पुलिस पहुंची और जेठ को मायके वालों के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस से भी मायके वालों की खींचतान हुई। पुलिस ने सरिता का शव कब्जे में लेकर मायके वालों को थाने ले जाकर बात की। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से सरिता को 50 हजार रुपये और बाइक के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। घर से भागे पति की तलाश की जा रही है।