इलाहाबाद। शहर के करेली इलाके में बृहस्पतिवार रात सड़क किनारे फुटपाथ पर अपनी मां संग सो रही पांच साल की बालिका के साथ किसी ने दरिंदगी कर डाली। बच्ची को मां के पास से कुछ दूर ले जाकर हैवानियत की गई। शुक्रवार सुबह एक महिला ने इस बच्ची को खून से लथपथ और अचेत पड़ा देखा तो गोद में उठाकर उसकी मां के पास ले गई। बच्ची को पहले डफरिन अस्पताल में भर्ती किया गया था मगर हालत बेहद खराब होने के कारण उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया। करेली थाने की पुलिस बलात्कार करने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटी है।
कौशाम्बी के करारी इलाके में रहने वाला एक व्यक्ति अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ शहर के करेली इलाके में भीख मांगकर गुजारा करता है। उसकी पत्नी भी भीख मांगती है। वे मुस्तफा मार्केट के पास फुटपाथ पर रात गुजारते हैं। बच्चों में तीन बेटियां और एक पुत्र है। गुरुवार रात भी पति-पत्नी और बच्चे फुटपाथ पर ही सो रहे थे। रात में किसी वक्त बेटियों में सबसे बड़ी छह साल की बच्ची को कोई वहां से मुंह दबाकर उठा ले गया। उसने बच्ची को करीब सौ मीटर दूर सूनसान में ले जाकर उसके साथ हैवानियत कर डाली। मासूम की चीख भी कोई नहीं सुन सका।
शुक्रवार सुबह एक महिला ने बालिका को कराहते पड़ा देखा। वह रक्तरंजित थी। महिला उसे गोद में उठाकर उसके मां-बाप के पास ले गई। बेटी की हालत देख मां रो पड़ी। माता-पिता बेटी को डफरिन महिला चिकित्सालय ले गए। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें खुल्दाबाद थाना भेज दिया। फिर खुल्दाबाद थाना प्रभारी समीर सिंह ने बच्ची को पुलिस के साथ डफरिन भेजकर इलाज शुरू कराया। खबर पाकर सीओ और एसपी सिटी राजेश यादव भी आ गए। बाद में एसपी सिटी मौके पर गए तो साफ हुआ कि यह शर्मनाक घटना करेली थाना क्षेत्र में घटी है। करेली थाने की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखा। पुलिस का अनुमान है कि बच्ची से यह दरिंदगी किसी नशेड़ी ने की है।
उस जगह के आसपास रात में स्मैक और गांजा का नशा करने वाले लोग जुटते हैं। पुलिस छानबीन कर रही है। गैंगरेप का भी शक है लेकिन इस घिनौनी और दुखद घटना में शामिल दरिंदे के पकड़े जाने के बाद ही सच्चाई उजागर हो सकेगी। बलात्कार से मासूम बच्ची की हालत बेहद गंभीर हो गई, इसलिए उसे एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ.एसपी सिंह ने बच्ची के इलाज के लिए चार डॉक्टरों डॉ.यूके घोष, डॉ.प्रोबाल नियोगी, डॉ.वीना गुप्ता और डॉ.राहुल यादव की कमेटी बना दी है। डॉक्टरों ने बताया कि रेप से बच्ची के अंदरूनी अंग में गहरा जख्म हुआ है और रात भर में काफी खून बह गया।
यमुनापार के खीरी इलाके में शुक्रवार दोपहर सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 12 साल की लड़की से तीस साल के युवक ने रेप की कोशिश की। छात्रा घर से बकरियां को चराने के लिए नदी किनारे खेत की तरफ गई थी तभी आरोप है कि बबलू चौहान उसे खींचकर मड़हा में ले गया। वह छात्रा के कपडे़ उतारने लगा तो वह चीखने लगी। तभी छात्रा का भाई उधर आ गया। कुछ और लोग पहुंच गए। लोगों ने बबलू को पीटा तो वह किसी तरह वहां से भाग गया। छात्रा को थाने ले जाकर शिकायत की गई तो पुलिस ने रेप की कोशिश का मुकदमा लिखा। उसी दौरान आरोपी बबलू भी वहां मारपीट की तहरीर लेकर पहुंचा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हवालात में डाल दिया। वह तीन बच्चों का पिता है।
सोलह साल की एक किशोरी को होलागढ़ से अगवाकर शहर लाने के बाद उसके साथ दो लोगों ने रेप किया। उनमें एक आरोपी रमाकांत तिवारी 52 साल जबकि दूसरा आरोपी वीरेंद्र कुमार 45 साल का है। लड़की के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया है कि रमाकांत 14 जून को उसकी बेटी को अगवाकर शहर के रामबाग में अपने रिश्तेदार वीरेंद्र कुमार के यहां ले गया। वहां उन दोनों ने लड़की से बलात्कार किया। दो दिन तक उसे बंधक बनाकर लगातार रेप के बाद उसे बृहस्पतिवार को नवाबगंज इलाके में छोड़ा जहां से लड़की ने घर जाकर आपबीती सुनाई।
कक्षा नौ की एक छात्रा का स्कूल जाते समय एक युवक ने अपहरण किया और उसे एक कमरे में रखकर लगातार बलात्कार करता रहा। किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर छात्रा घर पहुंची तो शुक्रवार को पिता ने कोरांव थाने ले जाकर आरोपी युवक राजेश के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि घटना ग्यारह मई की है। छात्रा बृहस्पतिवार को किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर आई तो घर में बताया।