धूमनगंज थाने में रमीज अहमद ने उमेश पाल हत्याकांड में वांछित खालिद जफर, इरफान अहमद और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और अपहरण के प्रयास का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़ित के मुताबिक एक नवंबर को खालिद जफर और उसके साथियों ने उसे जबरन रोककर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए पिस्टल के बट से हमला कर घायल कर दिया।
रमीज अहमद के मुताबिक मुकदमा दर्ज होने के बाद से खालिद जफर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। 26 नवंबर को रात करीब 12:30 बजे जब वह घर वापस आ रहा था, तभी पूर्वांचल चौराहे पर खालिद जफर, उसके भाई, बहनोई इरफान और नावेद ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने असलहा सटाकर उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश की और अपहरण का प्रयास किया। पीड़ित के मुताबिक उसने किसी तरह खुद को छुड़ाकर भागा। इस दौरान हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से गोली भी चलाई, हालांकि गोली उसे नहीं लगी।
शिकायत में उसने यह भी बताया कि खालिद जफर उमेश पाल और उनके सुरक्षा कर्मियों की हत्या में भी शामिल रहा है। वह अब भी अतीक अहमद के परिवार को आर्थिक मदद कर रहा है। खालिद जफर के खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे पंजीकृत हैं। पीड़ित ने आशंका जताई है कि खालिद जफर और उसके साथी किसी भी समय उसकी और उसके परिवार की हत्या करवा सकते हैं।