खुल्दाबाद की लकड़मंडी में 13 लोगों ने आरा मशीनों की सील तोड़कर फिर से पेड़ों की कटाई शुरू कर दी। खबर वन विभाग को मिली तो जांच के बाद 13 लोगों के खिलाफ खुल्दाबाद थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी गई। इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मुकदमे वन रक्षक शिवदत्त सिंह ने दर्ज कराए। उन्होंने बच्चा, अर्जुन, धारा, चिलड़ी, कल्लू, राजन, लतीफ, पप्पू, जगदीश, ठाकुर, भानु और शकील के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जिन लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखवाया गया है, उनकी मशीनों को वन विभाग ने पहले सील कर दिया था।
आरोप था कि अवैध रूप से काटे गए पेड़ों को लकडमंडी की इन्हीं आरा मशीनों में लाकर चीरा जाता है। वन विभाग ने काफी मात्रा में लकड़ी भी बरामद की थी। मशीनों के सील होने के कुछ ही दिन बाद दबंगई के बल पर फिर से काम शुरू कर दिया गया था। सील को तोड़ने के बाद पेड़ों की कटाई का काम धड़ल्ले से किया जाने लगा। जानकारी मिलने पर वन रक्षक शिवदत्त सिंह ने खुल्दाबाद थाने में बृहस्पतिवार को तहरीर दी। इंस्पेक्टर खुल्दाबाद आरके सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।