पीएम मोदी और सीएम योगी के इलाहाबाद आगमन के एक दिन पहले सिविल लाइंस को चमकाने की मुहिम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। यहां इलाहाबाद विकास प्राधिकरण (एडीए) के अतिक्रमण के दौरान एक कास्टमेटिक की दुकान को ध्वस्त किए जाने के दौरान खासा विवाद हुआ। कार्रवाई से नाराज लोगों ने एडीए दस्ते में शामिल लोगों पर पथराव कर दिया। इसे लेकर दस्ते के साथ आई पुलिस ने पथराव करने वालों को खदेड़ दिया। जो भी पुलिस के हत्थे चढ़ा उसे लाठी भी खानी पड़ी। दिन में दो बजे के आसपास हुए इस वाकये के बाद सिविल लाइंस में अफरा तफरी मच गई।
सिविल लाइंस में सुंदरीकरण के तहत किए जा रहे कार्य के तहत शनिवार को एमजी मार्ग पर एल्चिको रेस्टोंरेट के पास एक कास्टमेटिक और पूर्व विधायक की दुकान समेत रोड पटरी पर बनी कई अवैध दुकानों को ध्वस्त करने के लिए एडीए का दस्ता पहुंचा। इससे पहले की वहां अभियान शुरू होता वहां लोगों ने शोर शराबा शुरू कर दिया। कास्टमेटिक की दुकान पर कोई तोड़फोड़ न हो इसे लेकर तमाम लोगों ने एडीए दस्ते में शामिल जेसीबी को घेर लिया। उसके ड्राइवर को नीचे उतार लिया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने दस्ते में शामिल एडीए कर्मियों से मारपीट शुरू कर दी।
थोड़ी ही देर में शरारती तत्वों ने वहां पथराव शुरू कर दिया। इससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पथराव होता देख पुलिस एक्शन में आ गई। दस्ते में शामिल पुलिस ने पथराव करने वालों को खदेड़ दिया। कुछ लोग लठियाएं भी गए। काफी देर तक वहां गहमा गहमी रही। यहां एक पूर्व विधायक द्वारा बनवाई जा रही अस्थाई टीनशेड गुमटी को हटाने को लेकर वहां विधायक समर्थकों द्वारा भी पुलिस से खूब कहासुनी हुई। बाद में एडीए ने सभी दुकानें ध्वस्त कर दी। इसके पूर्व जोनल अफसर आलोक पांडेय के नेतृत्व में अतिक्रमण अभियान की शुरूआत इंदिरा भवन कैंपस से हुई।
यहां सेटबेक में अवैध रूप से संचालित मोबाइल शाप, परिसर में ही एसपी मार्ग पर संचालित पराग डेरी को हटाया गया। एमजी मार्ग में बनी पार्किंग में चाय, पान आदि की 10 दुकानें, शिव महिमा कांपलेक्स के बाहर चाऊमीन की दुकान एवं सुभाष चौराहे से काफी हाउस तक रोड के बायी तरफ विकसित पार्किंग में किए गए तकरीबन सभी अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला, पीएन यादव, अशोक सिंह, आरपी पांडेय, जयशंकर सिंह, महेश चंद्र, शशि प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।