शहर के कोल्ड स्टोर फुल, किसान कर रहे इंतजार
तेलियरगंज स्थित फर्रुखाबाद कोल्ड स्टोर बिना लाइसेंस के चल रहा था। शुक्रवार शाम कोल्ड स्टोर से अमोनिया गैस रिसने लगी थी, जिससे हड़कंप मच गया था। घटना को संज्ञान में लेते हुए शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कोल्ड स्टोर में छापा मारा। छापेमारी के दौरान पता चला कि कोल्ड स्टोर बिना लाइसेंस के चल रहा था। अफसरों के मुताबिक बिना लाइसेंस स्टोर संचालन पर कार्रवाई की जाएगी।
अभिहित अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सीएल यादव व क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी देवेश ने शनिवार को फर्रुखाबाद कोल्ड स्टोर में छापा मारा। मालिक रविंद्र गुप्ता मौके पर मिले। जांच के दौरान पता चला कि पिछले 34 वर्षों से कोल्ड स्टोर चल रहा है। वर्तमान में कोल्ड स्टोर में 22 कर्मचारी कार्यरत हैं। जांच के दौरान स्टोर की तरफ से इसके कागजात नहीं मिले कि शीतगृह में कितना आलू स्टोर किया गया है।
स्टॉक संबंधी रजिस्टर अफसरों को जांच में गायब मिले। साथ ही कोल्ड स्टोर के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत खाद्य पदार्थ के शीत भंडारण हेतु कार्यालय अभिहित अधिकारी की ओर से लिया जाने वाला लाइसेंस भी नहीं मिला। कोल्ड स्टोर बिना लाइसेंस के ही चल रहा है। अभिहित अधिकारी डॉ. अरविंद यादव ने कहा कि बिना लाइसेंस कोल्ड स्टोर चलाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के चलते कोल्ड स्टोर में खलबली मची रही। घटना के बाद से कर्मचारी भी सहमे हुए हैं।