फार्मेसी की पढ़ाई कर रही एक छात्रा से इकतरफा इश्क करने वाले युवक ने सोमवार दोपहर एसआरएन अस्पताल में बखेड़ा कर दिया। उसने छात्रा को अस्पताल की कैंटीन में दूसरे छात्र के साथ बैठा देखा तो झगड़ा करने लगा। छात्र को बाहर खींचकर वह मारपीट पर उतारू हो गया। हंगामा बढ़ा तो उसने खुद ईंट से अपना सिर फोड़ लिया। पुलिस ने इलाज के बाद छात्रा और युवक के परिजनों को चौकी पर बुलाकर बात की। युवक ने कहा कि छात्रा से उसका प्रेम संबंध है पर छात्रा ने कहा कि वह जबरन पीछे पड़ा है। पुलिस ने युवक को चेतावनी देकर परिजनों के साथ भेजा।
एसआरएन अस्पताल में बी-फार्मा की पढ़ाई कर रही छात्रा झूंसी इलाके की रहने वाली है। सोमवार दोपहर वह अस्पताल कैंटीन में साथी छात्र के साथ लंच कर रही थी। तभी झूंसी इलाके का ही विकास श्रीवास्तव वहां आया। उसने छात्रा को पहले कैंटीन के बाहर से फोन किया। कॉल रिसीव नहीं होने पर वह कैंटीन में घुसा। छात्रा और उसके साथी को बुरा-भला कहने लगा। विकास ने छात्र को बाहर खींच लिया। छात्रा को अपनी प्रेमिका बताकर उसने छात्रा से कहा कि वह उससे नहीं मिला करे। उनके बीच कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। छात्रा के कई साथी आ गए। सबने विकास को घेरा तो वह घबरा गया। उसने खुद ईंट उठाकर अपने सिर पर मारा और छात्रा से कहा कि वह उसके लिए अपनी जान दे सकता है। वह लहूलुहान होकर गिरा तो उसे उठाकर अस्पताल के भीतर ले जाया गया। खबर पाकर एसआरएन चौकी की पुलिस पहुंची। पुलिस ने छात्रा और दोनों युवकों को चौकी में लाकर बात की। छात्रा और विकास के परिजनों को भी फोनकर चौकी पर बुलाया गया।
बोली छात्रा-प्रेमी नहीं, पड़ा है पीछे
-पुलिस के सामने छात्रा ने कहा कि उसका विकास से प्रेम संबंध या दोस्ती नहीं है। वह जबरन पीछे पड़ा है। कई बार पीछा कर चुका है। अस्पताल भी आ जाता है। बार-बार फोन और मैसेज करता है। जबकि विकास ने कहा कि उन दोनों के बीच प्रेम संबंध है। लखनऊ से आकर पढ़ाई करने वाले छात्र के चक्कर में अब वह उसे नजरंदाज कर रही है। वह उससे प्यार करता है इसलिए आज उससे मिलने आया तो उसी छात्र के साथ बैठा देखकर बौखला गया। पुलिस ने दोनों के बीच लिखित सुलह कराने के बाद विकास को आइंदा छात्रा से दूर रहने की चेतावनी देकर छोड़ा।