नवाबगंज के अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में एक मासूम बालक समेत अधेड़ की मौत हो गई। दुर्घटना में एक महिला समेत एक बालक को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहां हालत नाजुक बनी हुई है।
शुक्रवार की देररात नगर निगम से ड्यूटी करके घर वापस आ रहे मानिक चंद पाल उम्र 42 वर्ष को नवाबगंज के हथिगहां चौराहे पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। माधव पाल का पुत्र मानिक चंद पाल निवासी घरवन्दपुर थाना नवाबगंज, नगर निगम इलाहाबाद में चपरासी के पद पर कार्यरत था। शुक्रवार की रात ड्यूटी करके बाइक से घर वापस आ रहा था। विपरीत दिशा से आ रहे वाहन की चपेट में आने से मानिक चंद की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना की जानकारी पाकर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और रातोरात पंचनामा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मानिक चंद के मौत की खबर जब गांव पहुंची तो कोहराम मच गया। पत्नी शोभा देवी बेटा रावेंद्र, धर्मेंद्र, शिधांशु, हिमांशु व बेटी आरती बिलख-बिलख कर रो पड़े।
इसी क्रम में शुक्रवार की देरशाम कौड़िहार कुरेशर मार्ग पर अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से 5 वर्ष के मासूम सुजीत की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। बतादें कि शुक्रवार की शाम मीरा देवी निवासी कासिमपुर जूडा उर्फ मूसेपुर अपने मासूम बच्चे सुजीत कुमार 5 वर्ष को लेकर कौड़िहार से घर जा रही थी। कुरेशर मार्ग पर ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से वह ट्रैक्टर की गिरफ्त में आ गए थे। चपेट में आने से बच्चा घायल हो गया था। सुजीत की आधी रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मीरा अपने एक पांच माह के बेटे के संग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर को हिरासत में ले लिया है।