एनएच-24 स्थित आईएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज की नेशनल स्पोर्ट्स मीट चक्रव्यूह में आखिरी दिन हंगामा हो गया। फुटबॉल मैच में मिली हार से गुस्साए मेरठ आईआईएमटी के खिलाड़ियों ने खूब हंगामा किया।
आयोजकों पर गलत निर्णय देने का आरोप लगा रहे खिलाड़ियों का गुस्सा पहले कुर्सियों पर निकला, फिर कुर्सियों के टुकड़े और खाली ग्लास से एक अन्य मैच में व्यवधान डालने की कोशिश की।
इस पर आईएमएस प्रबंधन ने मेरठ के सभी खिलाड़ियों को कमरे में बैठाकर उनकी शिकायत उनके प्रबंधन से की। फिर सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराकर खिलाड़ियों को भेज दिया।
अपात्र खिलाड़ियों को दिया खेलने का मौका
आईएमएस ईसी में स्पोर्ट्स मीट के आखिरी दिन आईआईएमटी मेरठ का जीएल बजाज इंस्टीट्यूट के साथ मैच था। फुटबॉल मैच में 3-1 से मिली हार का ठीकरा मेरठ की टीम ने आयोजकों के गलत निर्णय पर फोड़ा।
मेरठ के खिलाड़ियों ने आयोजकों पर दूसरी टीम में अपात्र खिलाड़ियों को खेलने की अनुमति दिए जाने का आरोप लगाया। छात्रों ने कहा कि मैच में दूसरी टीम में कई अपात्र खिलाड़ी खेल रहे थे, जिसकी उन्होंने शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
कॉलेज संपत्ति को पहुंचाया नुकसान
किसी बात को लेकर नाराज मेरठ के खिलाड़ियों ने हॉस्टल के फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। फिर फर्नीचर के टुकड़ों और पानी के ग्लास अन्य मैचों के खिलाड़ियों पर फेंककर व्यवधान डाला।
खिलाड़ियों को ऐसा करने से रोका और शिकायत उनके कॉलेज निदेशक से की है। जिस पर उन्होंने आरोपी खिलाड़ियों पर एक्शन लेने की बात कही है। - सुधीर चौधरी, विजिलेंस अफसर, आईएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज