फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घर और अस्पताल में सुराग की तलाश

Sat, 14 Jan 2017 02:11 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
जीवन ज्योति हॉस्पिटल के निदेशक डॉ.वंदना बंसल के कत्ल की तहकीकात में दूसरे रोज भी रात तक पुलिस को कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। लखनऊ से स्पेशल टॉस्क फोर्स के एसएसपी ने इलाहाबाद आकर जांच की कमान संभाली और डॉ.बंसल की पत्नी डॉ.वंदना समेत कई रिश्तेदारों से बात की। एसटीएफ ने डॉ.बंसल के निवास से लेकर हॉस्पिटल तक हत्याकांड में क्लू की तलाश में माथापच्ची की। हालांकि दिन भर की जांच में कोई नतीजा नहीं निकला।
विज्ञापन


एसएसपी एसटीएफ अमित पाठक ने एसपी सिटी विपिन टाडा के साथ दोपहर तीन बजे जार्जटाउन में अमरनाथ झा मार्ग स्थित डॉ.एके बंसल के निवास पर जाकर गम में डूबी उनकी पत्नी डॉ. वंदना बंसल से बात की। उन्हें अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा देते हुए जांच में मदद की अपील की। एसएसपी एसटीएफ ने डॉ. वंदना से कत्ल के तमाम पहलुओं पर चर्चा की। कुछ लोगों से डॉ. बंसल के करोड़ों रुपये के विवाद पर भी बात की। करीब पौन घंटे तक एसटीएफ की टीम डॉ. वंदना के घर में रही। एसपी क्राइम मोहम्मद इरफान अंसारी भी वहां पहुंचे।

क्राइम बांच टीम ने भी निवास पर सिक्योरिटी गार्ड्स और दूसरे कर्मचारियों से कई सवाल किए। उधर, घटनास्थल जीवन ज्योति हॉस्पिटल में एसटीएफ एसपी के नेतृत्व में एसटीएफ और जिला क्राइम ब्रांच की टीम ने खासी पड़ताल की। जांच टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही हॉस्पिटल के करीब 20 कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ की। उनके नाम-पते नोट किए। सुरक्षाकर्मियों के बारे में जानकारी ली। घटना के वक्त कौन कहां था? उसने क्या सुना और देखा? गोलियां चलने के बाद क्या किया? शूटरों को देखा या नहीं? हुलिया क्या था? ऐसे तमाम सवाल किए।
विज्ञापन


इस सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस की छानबीन में जुटी एसटीएफ और क्राइम ब्रांच को आशंका है कि शूटरों के लिए हॉस्पिटल के किसी शख्स ने भेदिए का काम किया। शक है कि अस्पताल का कोई कर्मचारी या सिक्योरिटी गार्ड शूटरों का मुखबिर रहा है। उसने ही फोन कर शूटरों को बताया होगा कि डॉक्टर बंसल शाम को अस्पताल आ गए हैं। इसी वजह से एसटीएफ और क्राइम ब्रांच ने 50 से ज्यादा मोबाइल फोन सर्विलांस पर लगाए हैं। इनमें ज्यादातर नंबर जीवन ज्योति हॉस्पिटल के कुछ कर्मचारियों और सिक्योरिटी गार्ड्स के हैं। घटना के वक्त तैनात रहे कई सिक्योरिटी गार्ड्स से तमाम सवाल भी किए गए। उनकी गतिविधि पर भी नजर है।

डॉ.बंसल की हत्या से उनके करीबी और रिश्तेदार गम में डूबे हैं। जार्जटाउन में अमरनाथ झा मार्ग स्थित उनके निवास हर्ष विला में भी घटना के बाद से मातम छाया है। पत्नी डॉ.वंदना को दिलासा देने के लिए लोगों का आना-जाना लगा रहा। शुक्रवार दोपहर तक दिल्ली समेत कई शहरों से तमाम रिश्तेदार आ गए। डॉ.बंसल की तीनों बहनें भी आ गईं। एक बहन डॉ.सविता अग्रवाल और उनके पति डॉ.बीबी अग्रवाल सृजन हॉस्पिटल के निदेशक हैं। डॉ.बंसल की मां रक्षा रानी बंसल भी लगातार बिलख रही थीं। उनके लिए 82 साल की उम्र में बेटे का गम झेलना बेहद मुश्किल भरा है। रिश्ते की महिलाएं उन्हें संभालने का प्रयास करती रहीं। डॉ.वंदना की भी बहन और कई रिश्तेदार उन्हें सांत्वना देने जुटीं। उनके बेटे प्रतीक और हर्षित के कई दोस्त दिल्ली और मुंबई से आ गए। डॉ.बंसल के कत्ल से सभी स्तब्ध थे।

डॉ.बंसल हत्याकांड में तमाम पहलुओं और कयासों के बीच संदिग्ध के तौर पर करछना के वीरपुर गांव में रहने वाले अपराधी राजा पांडेय का नाम भी उभरकर सामने आया। राजा पर चार साल पहले थानाध्यक्ष बारा राजेंद्र द्विवेदी की गोली मारकर हत्या का आरोप है। वह जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद फिर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया था। दो महीने पहले उसे फुटबाल खेलने के बहाने घर से बुलाकर पेट में तीन गोलियां मार दी गई थीं। उससे कुछ ही दिन पहले उसके खिलाफ करछना पुलिस पर जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया था।

इलाज के दौरान ही पुलिस ने उसे कस्टडी में ले लिया। जीवन ज्योति हॉस्पिटल में भी उसका उपचार हुआ था। अब वह एसआरएन अस्पताल में पुरानी इमारत स्थित प्राइवेट वार्ड में भर्ती है। डॉ.बंसल हत्याकांड में जांच टीमों ने उससे पूछताछ की कोशिश की। मगर अस्पताल जाने पर पता चला कि वह खुद जीवन और मौत से जूझ रहा है। कस्टडी में तैनात दो सिपाहियों ने कहा कि राजा ज्यादातर वक्त बेसुध रहता है। उसकी हालत गंभीर बनी है। ऐसे में इस घटना में उसकी कोई भूमिका के बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी। चर्चा रही है कि जीवन ज्योति में उसके इलाज में छह लाख का बिल बना था। उसने करीब साढ़े तीन लाख रुपये जमा किए। बाकी पैसे जमा करने से मना कर डॉ.बंसल को धमकी दी थी कि हफ्ते भर के भीतर उनका सफाया कर देगा। पुलिस का कहना है कि राजा शार्प शूटर है पर हालत में वह किसी और से डॉक्टर पर हमला कराएगा, यह गले उतरने वाली बात नहीं है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें