इंटरनेट के जरिए अपराध करने वाले साइबर शातिर अब रोज ही लोगों के बैंक खातों से मोटी रकम उड़ा रहे हैं। दो ताजा मामलों में विश्वविद्यालय के एक छात्र के खाते से दो बार में 29 हजार रुपये से ज्यादा पैसों से ऑनलाइन हवाई जहाज के टिकट बुक करा लिए जबकि पंजाब नेशनल बैंक में बीमा शाखा के अधिकारी के खाते से भी आईआरसीटीसी के जरिए हवाई टिकट बुक कराए गए। टालमटोल के बाद केस लिखकर पुलिस ने केस ठंडे बस्ते में डाल दिया।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बीए दूसरे वर्ष के छात्र रवि प्रकाश वर्मा ने पुलिस को बताया कि उसका खाता पंजाब नेशनल बैंक की कर्नलगंज शाखा में है। 23 दिसंबर की शाम चार से पांच बजे के बीच उसके मोबाइल फोन पर बैंक खाते से पैसे कटने के दो मैसेज आए। उसने बैंक से डिटेल लिया तो एक बार 17497 और दूसरी बार 11269 रुपये से ऑनलाइन प्लेन के टिकट बुक किए गए थे। उसके खाते से 29 216 रुपये उड़ा दिए गए थे।
उसकी शिकायत पर सोमवार को कर्नलगंज थाने में मुकदमा लिखा गया। उधर, धूमनगंज के उमरपुर नीवां सैनिक कॉलोनी में रहने वाले पीएनबी मेट लाइस इंश्योरेंस कंपनी के सेल्स मैनेजर संतोष उपाध्याय के खाते से भी 23341 रुपये उड़ा दिए गए। संतोष ने पीएनबी मुख्य शाखा सिविल लाइंस से डिटेल लिया तो जानकारी मिली कि आईआरसीटीसी के जरिए उनके बैंक खाते से स्पाइश जेट की विमान सेवा में हवाई टिकटों की बुकिंग की गई थी। तीन दिसंबर के इस मामले की शिकायत एसएसपी से दो बार करने पर 25 रोज बाद सिविल लाइंस थाने में केस लिखा गया लेकिन पुलिस ने जांच भी नहीं शुरू की। पुलिस का कहना है कि इन मामलों की जांच के लिए वक्त ही नहीं है।