हाईकोर्ट के सामने से एक युवती को कुछ युवकों ने कार में खींचकर अपहरण का प्रयास किया। युवती ने शोर मचाया तो उसके साथ मौजूद युवक और वकील दौड़े। वकीलों की भीड़ दौड़ी तो आरोपी भाग निकले। पूछताछ के बाद पता चला कि अपहरणकर्ता कोई और नहीं युवती के घरवाले हैं। पूछताछ में पता चला है कि युवती ने रिश्ते में भतीजा लगने वाले युवक से शादी कर ली है। युवती और युवक के घरवाले इस रिश्ते के खिलाफ हैं।
मामला कन्नौज के रुदौली का है। युवक और युवती का पड़ोस में ही घर है। उनके बीच बुआ-भतीजे का रिश्ता है। वे दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे। लेकिन दोनों के घरवालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। घरवालों की मर्जी के खिलाफ दोनों घर से फरार हो गए और शादी रचा ली। शादी के बाद भी दोनों को परिवार वालों से खतरा महसूस हो रहा था। इस पर दोनों ने हाईकोर्ट में सुरक्षा के लिए अर्जी दी। वे हाईकोर्ट में तारीख पर आए थे। इसकी भनक परिवार वालों हो गई। दोनों हाईकोर्ट के गेट नंबर पांच से अंदर जा रहे थे। उनके घरवाले कार से पहुंचे और युवती को घसीट कर ले जाने लगे। यह देखकर दोनों ने शोर मचाया तो वकील मदद के लिए दौड़े। वकीलों की भीड़ आती देखकर अपहरण करने आए लोग भाग निकले। इसके बाद युवक की तहरीर पर आरोपियोें के खिलाफ कैंट थाने में मारपीट, धमकी और अपहरण के प्रयास का मुकदमा लिखा गया है। एसआई पवन कुमार ने बताया कि मामला प्रेम प्रपंच का है। वे रिश्ते में बुआ-भतीजे हैं। परिवार के लोगों के खिलाफ अपहरण के प्रयास का मुकदमा लिखाया है।