घूरपुर इलाके में रीवा रोड पर सोमवार रात घर से बाजार जा रहे बाइक सवार पान मसाला कारोबारी रवि केसरवानी की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर फरार हो गया। घूरपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जसरा बाजार में रहने वाला रवि केसरवानी (28) में पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। पिता लालता प्रसाद का पहले ही देहांत हो चुका है। रवि पान मसाला का कारोबार करता था। सोमवार रात करीब आठ बजे वह बाइक पर घूरपुर बाजार के लिए निकला था। रवि गौहनिया के पास पहुंचा तभी ट्रक ने उसे पीछे से चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोग जुटे मगर तब तक ड्राइवर ट्रक लेकर भाग गया था। घायल रवि को एंबुलेंस में अस्पताल भेजा गया मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वह अभी अविवाहित था। इस अनहोनी से रवि के परिवार में मातम पसर गया।