खुसरोबाग में जलकल महाप्रबंधक पर बृहस्पतिवार दोपहर कैंप कार्यालय में दर्जन असलहा और लाठी-डंडे से लैस युवकों ने हमला बोल दिया। कैंप ऑफिस में अफसरों और कर्मचारियों से बातचीत कर रहे जीएम अचानक हुए हमले के बाद घबरा गए। कर्मचारी और अफसर दहशत में आ गए। हमलावर के निशाने पर सीधे जीएम थे।
हमले में कर्मचारी और जीएम को चोट आई। अफरा-तफरी और शोरगुल सुनकर अन्य कर्मचारी दौड़े तो हमलावर भागे। एक हमलावर को कर्मचारियों ने दबोच लिया। जमकर धुनाई के बाद हमलावर को खुल्दाबाद पुलिस के हवाले कर दिया। कर्मचारियों ने खुल्दाबाद थाने का घेराव कर नारेबाजी की। चेतावनी दी कि पुलिस ने अन्य हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई तो वे हड़ताल करेंगे।
जलकल के जीएम आरपीएस सलूजा खुसरोबाग कैंप कार्यालय में बैठकर दोपहर लगभग एक बजे वार्ता कर रहे थे। इसी बीच एक दर्जन असलहाधारी और लाठी-डंडे से लैस लोग कैंप कार्यालय में घुस गए। घुसते ही युवकों ने सीधे जीएम पर हमला बोल दिया। कर्मचारियों और अफसरों ने बीच-बचाव किया तो हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडे हमला कर दिया। कैंप कार्यालय में मारपीट और धक्का-मुक्की के चलते अफरा-तफरी मच गई। कैंप कार्यालय में शोरगुल सुनकर कर्मचारी दौड़े। भीड़ जुटती देख हमलावर भागने लगे। एक हमलावर को कर्मचारियों ने दौड़ाकर दबोच लिया। पकड़े गए हमलावर की जमकर धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं हमले में जीएम आरपीएस सलूजा समेत कई कर्मचारियों को चोट आई। घटना को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश था। तत्काल घटना से नगर आयुक्त देवेंद्र पांडेय को अवगत कराया गया। नगर आयुक्त जलकल कार्यालय पहुंचे। नगर आयुक्त कर्मचारियों के साथ पकड़े गए आरोपी को लेकर खुल्दाबाद थाने पहुंचे। थाने में तहरीर देकर मुकदमा लिखाया।
इस दौरान कर्मचारियों ने थाने का घेराव और नारेबाजी की। उनका आरोप था कि जब विभाग का मुखिया ही सुरक्षित नहीं हैं तो ऐसे माहौल में ऑफिस में काम करना मुश्किल है। पकड़ा गया आरोपी महेंद्र सिंह बेनीगंज का रहने वाला है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि मोहल्ले में गंदे पानी की शिकायत को लेकर वह एक नेताजी के साथ आया था। किस नेता जी के नेतृत्व में वह आया था, यह नहीं बता सका। इंस्पेक्टर खुल्दाबाद समीर सिंह ने बताया कि तहरीर पर एक नामजद समेत एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जलकल महाप्रबंधक आरपीएस सलूजा से कुछ दिन पहले शहर के एक पार्षद ने फोन पर गाली-गलौज किया था। इस मामले की रिपोर्ट खुल्दाबाद थाने में लिखी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। लिहाजा इस घटना के बाद कर्मचारियों में ज्यादा आक्रोश था।