बोलेरो सवार बदमाशों ने सोमवार सुबह सरायममरेज इलाके में स्कूल जा रही इंटरमीडिएट की छात्रा को गाड़ी में खींचा फिर नशीली दवा सुंघाकर बेहोश कर दिया। वे उसे हंडिया में रेलवे स्टेशन की तरफ ले गए जहां फोनकर किसी को बुला रहे थे तभी हल्का होश में आने पर छात्रा गाड़ी से कूद गई। आसपास मौजूद लोगों ने घेरा तो बोलेरो सवार बदमाश छात्रा का बैग लेकर भाग गए। परिजनों ने छात्रा को अस्पताल में भर्ती किया है।
सरायममरेज इलाके की यह लड़की स्थानीय कॉलेज में बारहवीं की छात्रा है। सोमवार सुबह वह घर से बैग लेकर कॉलेज जा रही थी तभी रास्ते में सुनसान में एक बोलेरो छात्रा के पास रुकी। उसमें बैठे लोगों ने छात्रा को भीतर खींच लिया। फिर उसे नशीली दवा सुंघाकर बेसुध कर दिया गया। बोलेरो हंडिया में लाक्षागृह के आगे स्टेशन रोड पर पहुंची तो बदमाश गाड़ी रोककर किसी से फोन पर बात करने लगे।
वे गाड़ी से नीचे उतर गए। तभी हल्की चेतना आने पर छात्रा गाड़ी से कूद गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने देखा तो वे बोलेरो घेरकर खड़े हो गए। पकड़े जाने के डर से बदमाश बोलेरो में बैठकर भागे तो लोगों ने छात्रा के चेहरे पर पानी के छींटे डालकर उससे बात की। उसने अपने गांव का नाम और पिता का मोबाइल नंबर बताया। तब जाकर दोपहर में परिजन आए और छात्रा को हंडिया में निजी हॉस्पिटल ले गए। फिर शाम को उसे अपने घर के पास नर्सिंग होम ले गए। हंडिया थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है लेकिन रात तक परिवार के लोगों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली।